◾ उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
◾ प्रधानाचार्यो को विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी अपणो स्कूल अपणू प्रमाण योजना से विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की तैयारी तेज हो गई है। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली पारितोष वर्मा ने बकायदा रोस्टर तैयार कर विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। विद्यालय के प्रधानाचार्यो को विद्यार्थियों को प्रमाण पत्रों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार ने 11 व बारहवीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परिवार रजिस्टर की नकल, आय, जाति, स्थाई आदि प्रमाण पत्र विद्यालय से ही उपलब्ध कराने को अपणो स्कूल अपणू प्रमाण योजना” तैयार की है। मंगलवार को बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों में विद्यार्थियों को योजना से लाभान्वित करने को उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा ने रोस्टर जारी कर विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। रोस्टर के अनुसार 18 व 19 मई को जीआइसी खैरना, रातीघाट, धनियाकोट, मोना, भतरौजखान, बेतालघाट व तल्ली सेठी विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रमाण पत्रों के लिए कैंप लगेगा जबकि 20 व 22 मई को जीआइसी गरजोली, ढोकाने, लोहाली, ऊंचाकोट,कन्या इंटर कालेज बेतालघाट, जीआइसी जीतुआपीपल,जौरासी तथा सिमलखा विद्यालय में शिविर लगेगा। 23 व 24 मई जीआइसी ताड़ीखेत, रिखोली तथा 25 व 26 मई को जीआइसी हल्सों कोरण में शिविर लगाया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्यो को प्रमाण पत्रो के लिए जरुरी दस्तावेजों की जानकारी विद्यार्थियों को देने के निर्देश दिए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक व सीएससी सेंटर संचालक भी शिविर में रहेंगे।
