◾ गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर दोनों ओर पार्क किए जा रहे वाहन
◾स्कूली बच्चों व राहगीरों पर मंडरा रहा खतरा
◾ पुलिस की चेतावनी के बाद भी मनमानी पर आमादा वाहन चालक
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे स्थित खैरना चौराहे पर टैक्सी वाहन चालक मनमानी पर उतारु हो चुके हैं। रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर दोनों और वाहन लगा दिए जाने से कई बार जाम की स्थिति पैदा हो जा रही है जबकि पूर्व में पुलिस वाहन चालकों को चेतावनी भी दे चुकी है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर पर्यटन सीजन के चलते वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में पुलिस यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी हुई है पर खैरना चौराहे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले बेतालघाट – रातीघाट मोटर मार्ग पर वाहन चालक मनमानी पर उतारू हो चुके हैं। धड़ल्ले से मोटर मार्ग के दोनों और वाहन लगा दिए जाने से कई बार जाम लग जा रहा है। जिससे आवाजाही करने वाले लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरस्वती शिशु मंदिर तथा आसपास के विद्यालयों में आवाजाही करने वाले नौनिहालों पर भी दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कई बार स्थानीय लोग वाहन चालकों से व्यवस्था में सुधार को सहयोग की मांग कर चुके हैं बावजूद मनमानी लगातार जारी है। चौकी पुलिस खैरना ने भी कई बार वाहन चालकों को चेतावनी दी है पर वाहन चालक व्यवस्था से खिलवाड़ करने पर आमादा है। बेतरतीब ढंग से वाहन लगाए जाने से खैरना स्थित श्मशान घाट में शवदाह को जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!