◾आड़ू, पुलम व खुमानी की उपज हुई बर्बाद
◾उपज चौपट होने से किसान हुए मायूस
◾बर्बाद उपज का मुआवजा दिए जाने की उठी मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के थुआ ब्लॉक क्षेत्र में ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचा दिया है। नुकसान से किसान मायूस हो चुके हैं। आडू , पूलम , खुमानी आदि के फल को ओलावृष्टि ने तहस नहस कर डाला है।
थुआ ब्लाक क्षेत्र में आडू, पूलम तथा खुमानी की बंपर पैदावार होती है। बीते वर्षों में कोरोना व आपदा की मार ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। किसानों ने हाड़तोड़ मेहनत कर दोबारा खेत तैयार किए। अब फल की बेहतर पैदावार की उम्मीद थी की बीते शनिवार शाम हुई ओलावृष्टि ने किसानों के सपनों पर पानी फेर दिया। पेड़ में तैयार फल को गिरा दिया। जबर्दस्त ओलावृष्टि ने आडू, पुलम व खुमानी के फलों को भारी नुकसान पहुंचाया। पेड़ में शेष बचे फलों को भी ओलावृष्टि ने दागी कर दिया है। ओलावृष्टि से फल गिर जाने से कास्तकार मायूस हो चुके हैं। किसानों के अनुसार जंगली जानवरों से खेती-बाड़ी को बामुश्किल बचाने के बाद अब ओलावृष्टि ने सबकुछ तबाह कर डाला है। गोपाल राम, हरीश चंद्र, ललित प्रसाद, दीप चंद्र, कमला देवी, विमला देवी, हरीश चंद्र, देवी लाल, मोहन चंद्र आदि ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
