◾ चट्टान में फंसे शव को एसडीआरएफ व बेतालघाट पुलिस की टीम ने बामुश्किल निकाला
◾ रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग से करीब पांच सौ मीटर नीचे गिरा वाहन
◾वाहन के भी उडे परखच्चे, घंटों खोजबीन के बाद मिला शव
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाले रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर यात्री वाहन कोसी नदी की ओर जा गिरा। हादसे में वाहन स्वामी की दर्दनाक मौत हो गई। एसडीआरएफ व बेतालघाट पुलिस की टीम ने पहाड़ी पर फंसे वाहन स्वामी के शव को बामुश्किल नीचे उतारा। दुर्घटना में वाहन के भी परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा दिया है। घटना से मृतक के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
बेतालघाट ब्लॉक के ओड़ाबास्कोट(ऊंचाकोट) गांव निवासी मुकेश आर्या (28) पुत्र पृथ्वी पाल आर्या शुक्रवार को वाहन यूके 04 टीबी 0614 से किसी कार्य से हल्द्वानी रवाना हुआ। देर शाम जब वह घर नहीं पहुंचा तो स्वजन चिंतित हो उठे। रात करीब आठ बजे मुकेश की बड़े भाई कमलेश से बात हुई। पर दोबारा 11 बजे संपर्क साधने पर मुकेश से संपर्क नहीं हो सका जिससे परेशान स्वजनो को अनहोनी की चिंता सताने लगी। स्वजन गांव के लोगों के साथ खोजबीन को रवाना हो गए। गांव से खैरना बाजार तक पहुंचे लोगों ने कई लोगों से जानकारी जुटाई। खैरना में लगे सीसीटीवी पर फ़ुटेज देखी तो वाहन के खैरना चौराहे से निकलने की पुष्टि हुई। गांव के लोगों व स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की तो रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर नौडा़ बैंड के समीप गाड़ी के कुछ हिस्से दिखाई दिए। करीब पांच सौ मीटर नीचे कोसी नदी क्षेत्र में वाहन भी गिरा देखा जिससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बेतालघाट पुलिस व एसडीआरएफ की छड़ा इकाई को भी सूचना दी गई। शनिवार को बेतालघाट पुलिस की टीम ने खड़ी चट्टान पर चढ़ तलाश शुरू की। काफी ऊंचाई पर वाहन स्वामी मुकेश चट्टान में फंसा देखा गया। बामुश्किल जवान उसके पास पहुंचे पर तब तक मुकेश दम तोड़ चुका था। एसडीआरएफ की मदद से बामुश्किल शव को नीचे उतारा जा सका। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। वाहन स्वामी परिवार में सबसे छोटा था। घटना से स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
