◾ गुणवत्ताविहीन कार्य का लगाया आरोप, जांच की मांग
◾रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

तमाम गांवों को जोड़ने वाले निर्माणाधीन रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग पर किए जा रहे डामरीकरण पर ग्रामीणों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। गुणवत्ताविहीन डामरीकरण का आरोप लगा कार्य की जांच की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि उपेक्षा हुई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग पर इन दिनों लाखों रुपये की लागत से डामरीकरण का कार्य गतिमान है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत किए जा रहे कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया है कि डामरीकरण के कार्य में गुणवत्ता का अभाव है। सड़क पर किया गया डामरीकरण हाथ से ही उखड़ने लगा है। ऐसे में वाहनों के चलने पर सड़क की दुर्दशा हो जाएगी। लाखों रुपये से किए जा रहे कार्य में गुणवत्ता का अभाव होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह मेहरा, दीपक बिष्ट, भरत बिष्ट, पवन पांडे, बालम तिवारी, गजेंद्र मेहरा, बीना मेहरा आदि ने गुणवत्ताविहीन कार्यों की जांच की मांग उठाई है। दो टूक कहा है कि गुणवत्ताविहीन कार्य कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे यदि मनमानी की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।