◾समस्याओं के समाधान को सौंपा ज्ञापन
◾ वन मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
वन पंचायतों व वन पंचायत समिति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग तेज होने लगी है। वन पंचायत सरपंच संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने वन मंत्री को ज्ञापन सौंप समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
वन पंचायत सरपंच संगठन से जुड़े गणेश जोशी, कमल सुनाल व भीम सिंह नेगी ने देहरादून में वन मंत्री सुबोध उनियाल को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंप वन पंचायत व सरपंचों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से सरपंचों व पंचों को मानदेय, वन पंचायत सलाहकार परिषद का गठन सरपंचों के माध्यम से करवाए जाने, संपूर्ण प्रदेश में परामर्शदात्री समिति का गठन, राजस्व विभाग में वन पंचायतों का सीमांकन तथा वन पंचायतों से अतिक्रमण हटाने, वन पंचायत के लीसे से बिक्री से प्राप्त धनराशि को एक माह के भीतर वन पंचायत के खाते में उपलब्ध कराने, वन चौकीदारों की तैनाती तथा वन पंचायतों को ईकोटूरिज्म से जोड़ने की मांग उठाई। कहा कि लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जा रही है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने शिष्टमंडल को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ज्ञापन में हीरा जंगपांगी, प्रकाश सिंह, शंकर सिंह, सीमा देवी, हेमा देवी, हंसी देवी, चंपा देवी, जीवंती देवी, चंद्र शेखर, डूंगर सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।
