◾ गुणवत्ताविहीन कार्य किए जाने का आरोप
◾ पूर्व में 14 लाख रुपये की लागत से किया गया पेंचवर्क तोड़ चुका है दम
◾ अधिशासी अभियंता ने किया जल्द निरीक्षण का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर 14 लाख रुपये से किया गया पेंचवर्क उखड़ने के बाद अब पांच लाख रुपये से किए जा रहे पेंचवर्क पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों ने पेचवर्क कार्य में अनियमितता का आरोप लगा कार्रवाई की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि मनमानी की गई तो एनएच के खिलाफ आंदोलन शुरु किया जाएगा।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइन लाइफ बजट ठिकाने लगाने का जरिया बनती जा रही है। कुछ महीने पूर्व ही 14 लाख रुपये की लागत से हाइवे पर कैंची, छडा़, लोहाली, नावली आदि क्षेत्रों में पेंचवर्क किया गया। कुछ समय ही बीता था की पेंचवर्क जवाब दे गया अब एक बार फिर पांच लाख रुपये की लागत से किए जा रहे पेंचवर्क में हाइवे किनारे पड़े पत्थर व मिट्टी गड्ढों में भरने से लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की गुणवत्ताविहीन कार्य कर सरकारी धनराशि की बर्बादी की जा रही है। बार बार पेंचवर्क के नाम बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। गुणवत्ता के अभाव में पेंचवर्क उखड़ रहे हैं बावजूद अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। महत्वपूर्ण हाइवे पर गुणवत्ताविहीन कार्य कर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह, पंकज नेगी, हरीश चंद्र, विजय सिंह बिष्ट, पंकज भट्ट आदि ने मामले में कार्रवाई कर गुणवत्तायुक्त कार्य करवाए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है। एनएच के अधिशासी अभियंता विजय कुमार ने जल्द निरीक्षण का दावा किया है।
