= कई हेक्टेयर वन संपदा जलकर हुई खाक
= जीआइसी खैरना परिसर तक पहुंची आग की लपटें, समय से पहले की गई छुट्टी
= जगह जगह पत्थर गिरने से खतरा हुआ दोगुना

(((टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गरमपानी खैरना बाजार के ठीक ऊपर थुआ की पहाडी़ धधकने से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की लपटे जीआइसी खैरना परिसर तक पहुंच गई हालांकि विद्यालय में समय रहते छुट्टी कर दी गई। आग से उठे धुए के गुबार ने पूरे बाजार क्षेत्र को आगोश में ले लिया। वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी नदारद रहे। कई हेक्टेयर वन संपदा जलकर खाक हो गई।
बुधवार दोपहर गरमपानी खैरना बाजार के ठीक ऊपर थुआ का जंगल आग से सुलग उठा। तेज हवा ने आग की रफ़्तार को दोगुना कर दिया। देखते ही देखते जंगल में आग की बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगी। लपटें जीआईसी खैरना परिसर तक पहुंच गई। विद्यालय प्रंबधन ने खतरा भांप समय से पहले ही विद्यालय में छुट्टी कर दी गई। भीषण आग लगने से पूरे बाजार क्षेत्र को धुएं ने आगोश में ले लिया। व्यापारी दुकानों से बाहर निकल आए। जगह-जगह पत्थर गिरने से दहशत का माहौल बना रहा। कई हेक्टेयर वन संपदा खाक होने के साथ ही जंगली जानवरों को भी नुकसान होने की आशंका है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि समय रहते आग पर काबू नहीं किया जा रहा जिससे कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। अभी तक वन विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने में नाकाम साबित हुए हैं। जंगल के जंगल खाक होते जा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से जंगलो को आग से बचाने की पुरजोर मांग उठाई है।