= पंजीकृत होमस्टे संचालक व पंचायत प्रतिनिधियों ने भेजा जिला अधिकारी को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन
= उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग
= सरकार व पंजीकृत होमस्टे संचालकों को हो रहा भारी नुकसान
(((टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों में अवैध रूप से होम स्टेट संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पंचायत प्रतिनिधियों व पंजीकृत होमस्टे संचालकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है। विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे अवैध होमस्टे की सूची भी उपलब्ध कराई है। बताया है कि अवैध रूप होमस्टे संचालित होने से सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा रहा है।
रामगढ़ ब्लॉक के सतखोल, छतौला, सतोली समेत आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय लोग पंजीकृत होमस्टे का संचालन करते हैं। विद्युत व जल संयोजना का नियमानुसार व्यवसायिक कनेक्शन ले होमस्टे संचालित किया जाता है। पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध भी कराई जाती है साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होता है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व पंजीकृत होम स्टे संचालकों ने क्षेत्र में अवैध होमस्टे संचालित किए जाने का गंभीर आरोप लगा जिला अधिकारी से कार्रवाई की मांग उठाई है। जिलाधिकारी को भेजे पत्र में पंचायत प्रतिनिधि व पंजीकृत होमस्टे संचालकों ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध होमस्टे संचालन की बाढ़ सी आ गई है। बिना पंजीकरण व बगैर व्यवसायिक जल व विद्युत संयोजन लिए बाहरी क्षेत्रों से आए लोग होमस्टे संचालित कर रहे हैं जिससे क्षेत्र के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र की शांति भंग होने की आशंका भी बनी हुई है यही नहीं नियमों को ताक पर रख धड़ल्ले से ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अवैध रूप से होम स्टे संचालित किए जाने से पंजीकृत होम संचालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पंजीकृत होमस्टे चलाने वालों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है जबकि अवैध रूप से होमस्टे संचालित करने वाल बाहरी लोग स्थानीय लोगों को बरगला कर उनकी जमीन खरीद अवैध होमस्टे संचालित कर रहे हैं। लोगों ने मामले पर कार्रवाई की मांग उठाई है। ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्य भावना कपिल, ग्राम प्रधान सतखोल पुष्पा नयाल, प्रधान शीतला हेमराज नयाल, सुनीता नयाल, पुष्पा नयाल, सूरज कुमार, मनीषा बिष्ट, मुकेश कुमार, त्रिलोक चंद्र, मोहन शर्मा, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, चंद्रशेखर बिष्ट, समेत तमाम लोगों के हस्ताक्षर हैं।
