🔳 जाम के कारण गांवों से आवाजाही करने वाले लोग भी परेशान
🔳 कर्मचारियों को भी भुगतना पड़ रहा खामियाजा
🔳 खैरना चौराहे पर वाहनों का इंतजार करते करते थक रहे यात्री
🔳 जाम का समाधान न होने पर लोगों में नाराजगी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे व कैंची क्षेत्र में जाम की समस्या का खामियाजा गांवों के लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। गांवो से आवश्यकीय कार्यों के लिए हल्द्वानी, अल्मोड़ा, रानीखेत, भवाली को आवाजाही करने वाले यात्री घंटों तक वाहनों का इंतजार करने को मजबूर है। जाम में फंसने से यात्री वाहन भी समय पर गंतव्य पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। लंबे समय से जाम की समस्या का समाधान न होने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर स्थित खैरना क्षेत्र से आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, दिल्ली तथा अल्मोड़ा, रानीखेत आदि क्षेत्रों को जाने वाले यात्री भी गांवों से खैरना चौराहे पर पहुंचकर यात्री वाहनों से गंतव्य का सफर पूरा करते हैं पर अब सफर लगातार इंतजार की सीमा को बढ़ा दें रहा है। यात्री वाहनों के कैंची व हाईवे पर जाम में फंसने से यात्रियों को घंटो तक खैरना चौराहे पर यात्री वाहनों के इंतजार में खड़ा रहना पड़ रहा है। गांवो से नैनीताल, भवाली व भीमताल स्थित कार्यालयों को आवाजाही करने वाले कर्मचारी भी यात्री वाहनों का इंतजार करते करते थक जा रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से भी अधिक समय के बाद भी जाम का स्थाई समाधान न होने पर लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के सुनील मेहरा, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र नेगी आदि ने आरोप लगाया की जाम से समस्याएं लगातार बढ़ती ही जा रही है पर गंभीरता से कदम नहीं उठाए जा रहे। क्षेत्रवासियों ने भी जाम के स्थाई समाधान को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *