🔳 करीब पचास हजार मालपुए किए जा चुके तैयार
🔳 दो लाख से भी अधिक मालपुए बनाने का है लक्ष्य
🔳 15 जून को विशेष पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को कराए जाएंगे उपलब्ध
🔳 रोशनी से जगमगाया बाबा का धाम
🔳 जय राम श्री राम जय जय राम का पाठ भी निरंतर जारी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित बाबा नीब करौरी आश्रम में स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले महाप्रसाद बनाने का कार्य जोरशोर से जारी है। 45 सदस्यीय विशेष कारीगरों का दल करीब नौ भट्टियों में मालपुए निर्माण में जुटा हुआ है। अब तक लगभग पचास हजार मालपुए तैयार कर लिए गए हैं। बाबा के दर पर मत्था टेकने को भी रोजाना आस्था का सैलाब उमड़ रहा है।
शनिवार को बाबा नींंब करौरी के धाम में पैंतीस हजार से भी अधिक बाबा भक्तों ने शीश झुकाए। नींब करौरी के जयकारों से समूचा कैंची धाम गुंजायमान रहा। पंद्रह जून के दिन श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रुप में उपलब्ध कराए जाने वाले मालपुए बनाने का कार्य भी तेज हो गया है। मथुरा व वृंदावन से पहुंचे विशेष कारीगर करीब नौ भट्टियों में मालपुए बनाने के कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं अखंड रामायण पाठ भी अनवरत जारी है। कारसेवा को पहुंचे बाबा भक्तों ने भी अपनी अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। ट्रस्ट अध्यक्ष ओपी ब्रिंदा, प्रबंधक प्रदीप साह, सचिव आलोक चोपड़ा, शैलेश साह, पवन रघुवंशी, मंजुल जोशी आदि लगातार माॅनिटरिग में जुटे हुए हैं।
रोशनी से जगमगाया बाबा का धाम
शनिवार को आश्रम परिसर को विशेष तौर पर सजाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया। दिन भर लोग जुटे रहे। शाम होते ही आश्रम परिसर विभिन्न प्रकार की रंग बिरंगी लाइटों से जगमगा उठा। दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं ने आश्रम का नजारा मोबाइल में कैद कर इंटरनेट प्लेटफार्म पर साझा किया।
जय राम श्री राम जय जय राम का पाठ भी निरंतर जारी
वृंदावन से पहुंची मंडली जय राम श्री राम जय जय राम के पाठ में जुटी हुई है। निरंतर किए जा रहे पाठ से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार आगामी अक्टूबर तक पाठ अनवरत जारी रहेगा। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।
