🔳 तस्कर मनमानी कीमतों पर कर रहे सिलेंडरों की बिक्री
🔳 संकट गहराने से महंगे दामों में खरीदना बनी मजबूरी
🔳 लगातार गैस वाहन से आपूर्ति के बावजूद स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहे सिलेंडर
🔳 कई लोग एक साथ रिफिल करा रहे छह से सात सिलेंडर
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का गढ़ बनता जा रहा है बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। कालाबाजारी में लिप्त तस्कर महंगे दामों में सिलेंडरों की बिक्री कर लोगों को चूना लगा रहे हैं। लगातार संकट के बावजूद रसोई गैस तस्करों को आसानी से मिल रहे सिलेंडरों से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। तस्कर खुलेआम ऊंचे दामों में सिलेंडरों की बिक्री कर पुलिस प्रशासन को भी खुली चुनौती देने पर आमादा हो चुके हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर पहले से ही रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी होती आई है। सिलेंडरों का संकट बढ़ने के साथ ही अब कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है। कालाबाजारी में लिप्त तस्कर संकट के दौर में मनमानी कीमतों पर रसोई गैस सिलेंडरों की बिक्री में जुटे हुए हैं। कभी वाहनों में भरकर सिलेंडरों की तस्करी हो रही है तो कभी गरमपानी व खैरना क्षेत्र के लिए आने वाले रसोई गैस वाहन से एक साथ अनगिनत सिलेंडरों को रिफिल करा लिया जा रहा है जिससे स्थानीय लोगों को ही सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे। लगातार गैस वाहन से आपूर्ति के बावजूद पात्र उपभोक्ता ही सिलेंडर से वंचित हो जा रहे हैं। सिलेंडरों का संकट गहराने से तस्कर ऊंचे दामों पर सिलेंडरों की बिक्री कर लोगों को चपत लगा रहे हैं। क्षेत्र के कई लोगों ने कालाबाजारी रोकने को सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है ताकि पात्र उपभोक्ताओं को आसानी से सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
