🔳 एक के बाद एक जंगलों में धधक रही भीषण आग
🔳 विशालकोट के बाद अब मंडलकोट का जंगल आग से स्वाहा
🔳 विकराल हुई लपटों से दहशत में आए ग्रामीण
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे कुंजगढ घाटी के मंडलकोट गांव के नजदीकी जंगल में आग धधकने से हड़कंप मच गया। विकराल हुई आग की लपटों ने बड़े पैमाने में वन संपदा को जलाकर राख कर डाला। जंगल की आग के आबादी की ओर बढ़ने से ग्रामीण भी सख्ते में आ गए।
भीषण गर्मी के बीच जंगलों के धधकने का सिलसिला भी तेज हो गया है। कोसी घाटी में लगातार जंगलों के आग से राख होने के बाद अब कुंजगढ घाटी क्षेत्र में भी एक के बाद एक जंगल धधकते जा रहे हैं। बीते दिनों विशालकोट गांव से सटे जंगल के भीषण आग की चपेट में आने के बाद अब मंडलकोट गांव के नजदीक के जंगल में आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ ही जंगली जानवरों को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। आग के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने से आसपास के गांवों के लोग भी सख्ते में आ गए। गनीमत रही की आग आबादी की ओर नहीं पहुंची और बड़ी घटना टल गई। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जंगलों को आग से बचाने को वन विभाग से ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
