🔳 भारी भरकम बजट से किया गया डामरीकरण देने लगा जवाब
🔳 महत्वपूर्ण सुनियाकोट – मटिला मोटर मार्ग का मामला
🔳 गांवों के लोगों में गुस्सा, गुणवत्ताविहीन कार्यों का लगाया आरोप
🔳 जिलाधिकारी को भेजा पत्र, सीएम पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
🔳 एई बोले – रोका गया है भुगतान, सही कराएंगे काम
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले सुनियाकोट – मटिला मोटर मार्ग पर सुधारीकरण के नाम पर 3.36 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट खर्च होने के बावजूद सड़क के हालात विकट है। एक वर्ष का समय भी न होने के बावजूद जगह जगह डामरीकरण के जवाब दे जाने से गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। नाराज ग्रामीणों ने कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग उठा कार्रवाई पर जोर दिया है। जिलाधिकारी के साथ ही मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
हाईवे से दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सुनियाकोट – मटीला मोटर मार्ग पर लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण समेत कई अन्य कार्यों के होने से गांवों के लोगों को सुरक्षित व सुगम आवाजाही की उम्मीद जगी पर अभी निर्माण कार्यों को एक वर्ष का समय भी नहीं बीता है कि करोड़ों रुपये की सरकारी धनराशि से किया गया डामरीकरण जगह जगह उखड़ने लगा है। स्थानीय तारा सिंह परिहार, पंकज परिहार, राम सिंह, नंद लाल, दिनेश, भुवन सिंह, आरपी परिहार, जीवन कांडपाल , कृपाल, हरीश, गुलाब सिंह, पूरन सिंह ने आरोप लगाया की कई बार घटिया व गुणवत्ताविहीन कार्यों को रोकने की आवाज भी उठाई गई पर विभागीय अधिकारी अनदेखी पर आमादा रहे जिसका खामियाजा अब गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में भी शिकायत दर्ज करा मोटर मार्ग पर सुधारीकरण के नाम पर सरकारी बजट की बंदरबांट का आरोप लगा कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी भी दी है की यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो गांवों के लोग आंदोलन को विवश हो जाएंगे। लोनिवि के सहायक अभियंता केजी गोस्वामी के अनुसार सर्दियों में डामरीकरण होने से दिक्कत आई है। कार्यदाई संस्था का पचास लाख रुपये के आसपास भुगतान रोका गया है। दो बार नोटिस भी भेज दिया गया है। जहां जहां डामरीकरण उखड़ा है उसे ठिक करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *