🔳 केएमवीएन के पर्यटक आवास गृह में भी दो दिन से आपूर्ति ठप
🔳 पर्यटक भी बूंद बूंद पानी के लिए हो रहे परेशान
🔳 क्षेत्रवासियों ने उठाई व्यवस्था में सुधार की मांग
🔳 नैनीचैक गांव के ग्रामीण भी कर रहे पानी का इंतजार
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में पेयजल की समुचित आपूर्ति न होने से लोग परेशान है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के विश्रामगृह में भी दो दिन से आपूर्ति ठप पड़े होने से पर्यटकों को भी पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है।
खैरना व छड़ा क्षेत्र में पानी का सूखा खत्म करने को निर्माणधीन पंपिंग पेयजल योजना के अस्तित्व में ना आने से आए दिन क्षेत्रवासियों को पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से खैरना क्षेत्र में समुचित पेयजल आपूर्ति न होने से क्षेत्रवासियों को तमाम परेशानी से जूझना पड़ रहा हैं।क्षेत्र के लोग बाजार में लगे हैंडपंप तथा गरमपानी स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोने को मजबूर है।समुचित पेयजल उपलब्ध न होने से लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि आए दिन समस्या सामने आ रही है पर समस्या के समाधान को ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार में स्थित केएमवीएन के पर्यटक आवास गृह में भी पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप पड़े होने से पर्यटकों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटकों के लिए कर्मचारी दूर दराज से पानी ढो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था में सुधार की पुरजोर मांग उठाई है। चेताया है कि यदि अनदेखी की गई तो फिर जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
नैनीचैक के ग्रामीण भी कर रहे पानी का इंतजार
बेतालघाट ब्लॉक नैनीचैक क्षेत्र में भी पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। गांव स्वजल योजना से पानी न मिलने से दस से अधिक परिवार परेशान है। दिन में कड़ी धूप में लोग लोग सिर पर बर्तन रख घर तक पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मांग उठाए जाने की बावजूद सुध नहीं ली जा रही जिससे तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय गिरधर सिंह, रणजीत सिंह, महेंद्र सिंह मेहरा, भोला सिंह, ज्ञान सिंह, जोगा सिंह, नंदन सिंह आदि ने पेयजल उपलब्ध कराए जाने पर जोर दिया है।




