🔳 ज़हरीले धुएं से क्षेत्रवासियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
🔳 धुएं के प्रकोप से मिनी स्टेडियम में खेलने से वंचित हुए खिलाड़ी
🔳 स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
🔳 नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बनाए गए बायोमैट्रिक वेस्ट को गड्ढे में ही जलाए जाने से हड़कंप मच गया। गड्ढे से निकले जहरीला धुंए से समीप मिनी स्टेडियम में खेलने पहुंचे खिलाड़ियों व सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों को काफि परेशानी का सामना करना पड़ा। बायोमेडिकल वेस्ट को गड्ढे में जलाए जाने पर क्षेत्रवासियों ने गहरा रोष जताया। जनहित से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
मिनी स्टेडियम बेतालघाट परिसर में रोज की तरह खेलने पहुंचे खिलाड़ियों को धुंए से परेशानी का सामना करना पड़ा। युवाओं ने आसपास देखा तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने बायोमेडिकल वेस्ट के गड्डे से धुआं निकलते दिखा। युवाओं ने नजदीक जाकर देखा तो गड्डे के अंदर आग धधकती दिखी। लगातार उठते धुएं से सरस्वती शिशु मंदिर में अध्ययनरत नौनिहाल भी परेशान रहे‌। स्थानीय लोगों ने बायोमेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण न कर गड्डे में जलाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की अस्पताल प्रबंधन जनहित से खिलवाड़ पर आमादा हो चुका है। लगातार उठते जहरीले धुएं से बुजुर्गों व सांस संबंधी बिमारी से जूझ रहे लोग भी परेशान रहे‌। धुएं के कारण युवा मिनी स्टेडियम में खेलने से वंचित रहे। स्थानीय दिलिप सिंह, प्रकाश, महेंद्र, मुकेश, विवेक, नवीन, तरुण, करन ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। आरोप लगाया की अस्पताल प्रबंधन ने बायोमेडिकल वेस्ट जलाकर नियमों की धज्जियां उड़ा डाली है। मामले में कार्रवाई पर जोर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत के अनुसार बायोमेडिकल वेस्ट जलाना गलत है। पूरे मामले की जानकारी जुटाई जाएगी। नियमानुसार ही बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *