🔳 32 करोड़ रुपये के बजट से बदलेंगे हालात
🔳 हाॅटमिक्स, सुरक्षात्मक कार्यों के साथ ही होंगे कई कार्य
🔳 बरसाती पानी की निकासी को होगा 55 कलमठो का निर्माण
🔳 भारत सरकार ने दी है बजट को हरी झंडी
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

कुमाऊं के महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे में शुमार महत्वपूर्ण खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे अब नए लुक में नजर आएगा। भारत सरकार ने स्टेट हाईवे पर हाॅटमिक्स, सुरक्षात्मक व अन्य कार्यों के लिए लगभग 32 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दे दी है। बजट को स्वीकृति मिलने के साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। स्टेट हाईवे पर करोड़ों रुपये के बजट से कार्य होने के बाद आवाजाही सुगम व सुरक्षित हो जाएगी।
कुमाऊं के कई ऐतिहासिक पर्यटक स्थलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। जगह जगह गड्डे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं तो वहीं कई जगह सुरक्षा दीवारों के धराशाही हो जाने से आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो चुकी है। स्टेट हाईवे की हालत में सुधार को लगातार मांग उठने के बाद अब हाईवे पर आवाजाही सुगम व सुरक्षित होने की उम्मीद जग गई है। भारत सरकार ने महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे पर हाॅटमिक्स, सुरक्षात्मक कार्यों के लिए लगभग 32 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दे दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्टेट हाईवे को बरसाती पानी से होने वाले नुकसान से बचाने को करीब 55 नए कलमठो का निर्माण भी किया जाएगा ताकी स्टेट हाईवे को बारिश के पानी से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके तथा जलभराव की समस्या का समाधान भी हो सके। भारत सरकार से बजट को हरी झंडी मिलने पर विभिन्न राजनैतिक, गैर-राजनीतिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी खुशी व्यक्त की है। लोनिवि के सहायक अभियंता अजय टम्टा ने बताया की भारत सरकार से बजट को स्वीकृति मिलने के बाद अब आगे की कार्रवाई गतिमान है। सहायक अभियंता ने लगभग दो माह के भीतर स्टेट हाईवे पर कार्य शुरु होने की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!