🔳 आवासीय भवनों के नीचे किए जाएंगे मजबूत सुरक्षात्मक कार्य
🔳 चौड़ीकरण कार्य करने वाली कंपनी को सौंपी गई जिम्मेदारी
🔳 एनएच के अधिशासी अभियंता ने दिए निर्देश
🔳 टीएचडीसी से निरीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद हाईवे बचाने को शुरु होगी कवायद
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रामगढ़ ब्लॉक के गंगोरी गांव को बचाने के लिए एनएच प्रशासन एक्शन मोड पर आ गया है। एनएच के अधिशासी अभियंता ने चौड़ीकरण करने वाली कंपनी को खतरे की जद में आ चुके आवासीय भवनों के ठिक नीचे मजबूत सुरक्षात्मक कार्य करने को निर्देशित कर दिया है। अधिशासी अभियंता के अनुसार खतरा टालने को सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाएंगे। टीएचडीसी से रिपोर्ट मिलने के बाद धंस रहे हाईवे को बचाने के लिए भी आगे की कार्रवाई भी शुरु की जाएगी।
लगातार बारिश व धंसाव बढ़ने से बीते दिनों हाईवे पर दरारें गहरा गई। हाईवे से सटे गंगोरी गांव पर भी खतरा बढ़ गया। ग्राम प्रधान नीमा देवी का आवासीय भवन खतरे की जद में आने से ग्राम प्रधान को परिवार के सदस्यों के साथ पड़ोसी के घर शरण लेनी पड़ी। कई अन्य ग्रामीणों के मकानों तक में दरारें उभरने से गांव के लोग दहशत में आ गए। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षात्मक कार्यों की अनदेखी को खतरा बढ़ने के लिए जिम्मेदार माना। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, श्री कैंची धाम के उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या व एनएच विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई। खतरे के मद्देनजर एनएच विभाग के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया तथा टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कार्पोरेशन (टीएचडीसी) को हाईवे की स्थिति समेत भू-धंसाव के कारण तलाशने को पत्राचार किया। बीते दिनों टीएचडीसी की दो सदस्यीय टीम ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया हालांकि अभी निरीक्षण रिपोर्ट एनएच प्रशासन को नहीं सौंपी गई है। वहीं खतरे की जद में आए आवासीय भवनों को बचाने के लिए भी एनएच विभाग ने कदम बढ़ा दिए हैं। आवासीय भवनों के ठिक नीचे धंसाव रोकने को मजबूत सुरक्षात्मक कार्य की रुपरेखा तैयार की गई है ताकी आवासीय भवनों पर मंडरा रहे खतरे को टाला जा सके। एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार के अनुसार हाईवे चौड़ीकरण कार्य करने वाले कंपनी को आवासीय भवनों के ठिक नीचे बढ़ रहे धंसाव को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षात्मक कार्य किए जाने को निर्देशित कर दिया गया है। सुरक्षात्मक कार्यों की माॅनिटरिग भी की जाएगी ताकि खतरा टाला जा सके। टीएचडीसी से रिपोर्ट उपलब्ध होने के बाद हाईवे पर बढ़ रहे धंसाव को रोकने के लिए कदम बढ़ाए जाएंगे।
