🔳 आवासीय भवनों, कृषि भूमि में गहरी दरारों से बढ़ रही दहशत
🔳 भूगर्भीय सर्वे के बाद ठंडे बस्ते में पहुंचा महत्वपूर्ण मामला
🔳 एक्सपर्ट कमेटी के इंतजार में पथराई ग्रामीणों की आंखें
🔳 अनदेखी से चढ़ने लगा है ग्रामीणों का पारा
🔳 बरसात का नाम सुनकर भी सिहर जा रहे ग्रामीण
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के बसगांव में आवासीय भवनों, कृषि भूमि व अन्य स्थानों पर गहरी दरारें गहराने के बावजूद पांच माह का लंबा समय बीतने के बाद भी सुरक्षा उपाय के नाम पर अनदेखी किए जाने से गांव के लोग मायूस हैं। बरसात के नजदीक होने व लगातार बढ़ रहे खतरे को देख गांव दहशत बढ़ती ही जा रही है बावजूद सुध न लिए जाने से लोगों में गहरा रोष भी व्याप्त है। अंदेशा जताया है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो आगामी बरसात में दरारें बड़ा नुक्सान कर सकती है।
बसगांव क्षेत्र में आवासीय भवनों, कृषि भूमि तथा आसपास दरारों के लगातार चौड़ी होने से ग्रामीण दहशत में दिन काटने को मजबूर हो चुके हैं। बीते जनवरी में दरारों के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मामले के उठने के बाद श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर भूगर्भीय सर्वे कराने को रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी तथा गांव के लोगों से अलर्ट रहने की अपील की। भूगर्भीय सर्वे की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन ने खतरा टालने को एक्सपर्ट कमेटी से सर्वे को जरुरी बताया पर पांच माह का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक देहरादून से एक्स्पर्ट कमेटी बसगांव नहीं पहुंच सकी है। भूगर्भीय सर्वे के बाद एक्सपर्ट कमेटी के पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीण मायूस हो चुके हैं। ग्रामीणों ने लगातार खतरा बढ़ने के बावजूद मामले को गंभीरता से न लिए जाने पर गहरा रोष जताया है। बरसात के नजदीक होने के अंदेशे से ग्रामीण सिहर जा रहे हैं। स्थानीय अनूप सिंह नेगी के अनुसार भूगर्भीय सर्वे के बाद एक्स्पर्ट कमेटी के निरीक्षण से खतरा टलने की उम्मीद जगी थी पर आज तक एक्सपर्ट कमेटी गांव नहीं पहुंच सकी है जबकि बरसात का मौसम बेहद नजदीक है। बताया की बारिश होने पर गांव के लोग सो तक नहीं पा रहे। आरोप लगाया की लगातार उपेक्षा की जा रही है। दरारों के उभरने के कारण आज तक स्पष्ट न होने पर चिंता जताई है। क्षेत्र के अनिल सिंह नेगी, मोहन सिंह, फकिर सिंह, प्रताप सिंह, गणेश बोहरा, लक्ष्मी दत, रेखा देवी, दीपा देवी, रेखा बोहरा आदि ग्रामीणों ने खतरा टालने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है की यदि अनदेखी की गई तो भविष्य में बड़ी घटना सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *