🔳 यातायात, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा
🔳 सीसीटीवी की नजर में रहेगा पूरा मेला परिसर
🔳 चप्पे चप्पे पर पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती
🔳 आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन रहेगा प्रतिबंधित
🔳 भीमताल, भवाली, खैरना, हल्द्वानी, नैनीताल से शटल सेवा होगी संचालित
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में 15 जून को स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले की तैयारियां तेज हो गई। आश्रम परिसर में हुई बैठक में तैयारियों को लेकर मंथन हुआ। यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व सुरक्षा प्रबंध पर विस्तार से चर्चा हुई। एडीएम विवेक राय ने विभाग अधिकारियों को जल्द ही व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।
सोमवार को आश्रम परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। एडीएम ने कहा कि बाबा ने सेवा का अवसर दिया है। किसी प्रकार की हिलाहवाली न बरती जाए।जिम्मेदारियों को पूर्ण निष्ठा व बिना किसी कमी के पूरा करने का आह्वान किया। यातायात व पार्किंग व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक डा. जगदीश चंद्रा ने बताया कि मेले के दिन आपातकालीन वाहनों को छोड़कर शेष सभी वाहनों का भवाली–कैंचीधाम मार्ग पर संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हल्द्वानी, नैनीताल, भीमताल, खैरना से श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित होगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक नियमित शटल चलेंगी। मार्ग पर कहीं भी वाहन पार्किंग व भंडारे की अनुमति नहीं होगी। एडीएम ने सभी वाहन पार्किग स्थलों में आवश्यक व्यवस्था विद्युत प्रकाश, पेयजल, शौचालय सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। मेले के दौरान सम्पूर्ण मेला क्षेत्र व मार्ग में बेहतर साफ-सफाई को नगर पालिका भवाली व जिला पंचायत को आपसी समन्वय से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मी तैनात रखने व मोबाइल टॉयलेट लगाए जाने पर जोर दिया। स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर सहित पूरे मार्ग से दिन में कम से कम तीन बार वाहन के माध्यम से कूड़ा उठान किया जाएगा। पेयजल व स्वास्थ्य सुविधा के संबंध में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल हेतु विभिन्न स्थानों में पेयजल टैंकर लगाए जाने, शौचालयो में 24 घंटे पानी की आपूर्ति को कहा। मेले के दौरान तीन दिन तक मेडिकल टीम की तैनाती तथा दो एम्बुलेंस मौके पर मौजूद रहेंगी। विद्युत विभाग को क्षेत्र में आपूर्ति सुचारु रखने व मेले के दौरान विद्युत टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग शिप्रा नदी में लगातार पेट्रोलिंग करेगा और सभी पैदल मार्गों की सफाई रखेगा। मंदिर परिसर व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा सहायता काउंटर स्थापित होंगे। अग्निशमन दल की टीम तैनात रहेगी। इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद्रा, सचिव आलोक चोपड़ा, ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रबंधक प्रदीप साह, शैलेश साह, एसडीएम अनुराग आर्या, नवाजिश खलीक, संयुक्त मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, कोतवाल प्रकाश मेहरा, एआरएम विजय तिवारी, पंकज निगल्टिया, धीरज तिवारी , गिरीश तिवारी, भुवन तिवारी आदि मौजूद रहे।
