🔳 टूनाकोट समेत तमाम गांवों में 17 घंटे आपूर्ति रही ठप
🔳 दिनभर में भी कई बार बत्ती गुल रहने से चढ़ा ग्रामीणों का पारा
🔳 विद्युत विभाग पर लगाया गांवों की उपेक्षा का आरोप
🔳 अधिकारियों के फोन तक न उठाने पर जताया रोष
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
कुंजगढ़ घाटी स्थित टूनाकोट समेत आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति से क्षेत्रवासी परेशान हैं। घंटों तक आपूर्ति ठप रहने व दिनभर में कई बार बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ताओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगा गहरी नाराजगी जताई है। जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
टूनाकोट समेत आसपास के तमाम गांवो को बमस्यू स्थित बिजली घर से विद्युत की आपूर्ति की जाती है पर आए दिन व्यवस्था चरमराने से सैकड़ो ग्रामीण परेशान है। बीते मंगलवार को शाम चार बजे से विद्युत आपूर्ति ठप रहने के बाद दूसरे दिन सुबह नौ बजे बामुश्किल आपूर्ति सुचारु हो सकी। लगभग सत्रह घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच पंखे कूलर ठप रहने से लोग परेशान रहे। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री सुनील मेहरा ने आरोप लगाया कि घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहने के बाद दिन में भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही जिससे तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठाते और जब बातचीत होती भी है तो संतुष्ट जवाब नहीं दिया जाता। ग्रामीण ने आरोप लगाया कि ठेकेदार पर विद्युत विभाग का नियंत्रण खत्म हो गया है। जिससे ठेकेदार मनमानी पर आमादा है। व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है स्थानीय कुलदीप सिंह, विपिन राणा, सुंदर सिंह, देव सिंह, आनंद जीना, नारायण सिंह, धन सिंह, भगत सिंह आदि ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। दो टूक कहा कि गांवों की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
