🔳 हाईवे पर कई किलोमीटर तक रेंगते रहे वाहन
🔳 कई श्रद्धालुओं ने पैदल ही नाप दी मंदिर की दूरी
🔳 पहाड़ आने जाने वाले यात्री भी रहे हलकान
🔳 व्यवस्था में सुधार न होने से जताई नाराजगी
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

देश के अलग-अलग राज्यों से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित बाबा नींब करौरी आश्रम में मत्था टेकने के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं को जाम से जूझना पड़ा। घंटो तक वाहन हाईवे पर रेंगते रहे। वाहनों की कतार लगने से पर्वतीय क्षेत्रों को आने-जाने वाले यात्रियों व पर्यटकों को भी तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय से जाम की समस्या के बावजूद स्थाई समाधान न होने से लोगों ने गहरी नाराजगी भी जताई। आरोप लगाया की कैंची क्षेत्र से आवाजाही करना मुसीबत बन चुका है। आए दिन जाम से जूझना पड़ रहा है।
कैंची क्षेत्र में जाम की समस्या अब आम हो गई है। आए दिन जाम लगने से आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक हलकान है। शुक्रवार को अलग-अलग राज्यों से बाबा के दर पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहनों की लंबी कतार लगने से श्रद्धालुओं ने कई किलोमीटर दूर से ही पैदल ही मंदिर तक दूरी नापने में भलाई समझी। कैंची क्षेत्र में जहां-तहां गलत ढंग से पार्क किए गए वाहन भी जाम का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं बावजूद व्यवस्था में सुधार को ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। होटल व होमस्टे में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण वाहन हाईवे पर जहां तहां खड़े कर दिए जा रहे हैं जिससे जाम की समस्या बढ़ती ही जा रही है जिसका खामियाजा आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है वही हाईवे पर चलने के लिए रत्ती भर जगह न होने से भी जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। जगह-जगह वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी कतार लग होने से वाहन चालक भी परेशान रहे। घंटो तक वाहन जाम में फंसे रहे। विभिन्न राजनीतिक, गैर राजनीतिक तथा व्यापारिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों व समाजसेवियों ने समस्या का समाधान न होने पर गहरा रोष जताया। कहा कि जाम की समस्या से मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु व पर्यटक भी अच्छा संदेश लेकर वापस नहीं लौट रहे। व्यवस्था में सुधार को ठोस उपाय किए जाने की मांग की। चेताया है कि यदि मामले को लेकर ठोस रुपरेखा तैयार नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!