🔳 कार सवारों ने बाहर की ओर भागकर बचाई जान
🔳 कार के हाईवे के बीचोंबीच फंसने से लग गया भीषण जाम
🔳 जाम में घंटों तक फंसे रहने से यात्री व पर्यटक हुए परेशान
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]

लगातार बारिश से देर शाम दोपांखी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर कार क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन सवारों ने बाहर की ओर भागकर बामुश्किल जान बचाई। अफरातफरी के बीच कार सवार दो लोग चोटील भी हो गए। पत्थरों से क्षतिग्रस्त कार के मलबे के बीच फंसने से घंटों तक आवाजाही भी ठप रही।
शनिवार शाम हल्द्वानी से पहाड़ की ओर रवाना हुई कार अतिसंवेदनशील दो पांखी क्षेत्र में पहुंची ही थी की एकाएक पहाड़ी से गिरे पत्थर कार से जा टकराए। वाहन चालक ने वाहन को आगे निकालने का प्रयास किया पर कार के पहिए मलबे में धंसते चले गए। लगातार पत्थर गिरते देख चालक व कार में सवार अन्य लोग वाहन से निकलकर बाहर की ओर दौड़े। इस बीच दो लोग पत्थर लगने से चोटिल भी हो गए। पत्थरों से क्षतिग्रस्त कार के मलबे के बीच फंसने से हाईवे पर यातायात भी ठप हो गया। लोडर मशीन चालक ने कार को हटाकर यातायात सुचारु करने का कई बार प्रयास किया पर लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने से मशीन चालक को भी पीछे हटना पड़ा। तकरीबन तीन बजे से जाम लगने से रात नौ बजे तक हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। तेज बारिश होने से जाम में फंसे लोगों में भी दहशत बनी रही। लोडर मशीन चालक ने बामुश्किल मलबा हटाकर क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाया पर लगातार पहाड़ी से पत्थरों के गिरने से यातायात सुचारु नहीं हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!