🔳 महापर्व के बाद शहरों को लौटने वालों का सिलसिला शुरु
🔳 खैरना व आसपास जाम लगने से लगी वाहनों की कतार
🔳 पर्यटकों व यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
🔳 खैरना चौकी पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात किया सुचारु
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
गरमपानी डेस्क : दीपावली महापर्व पर गांव पहुंचे लोगों का शहरों को लौटने का सिलसिला शुरु हो गया जिस कारण हाईवे पर वाहनों का दबाव एकाएक बढ़ गया। वाहनों की संख्या में इज़ाफ़ा होने से खैरना क्षेत्र में कई बार जाम लग गया। जाम में फंसे वाहनों की कतार अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे तक लगी रही। खैरना पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया।
दीपावली पर्व पर विभिन्न शहरों से गांव पहुंचे लोगों ने बुधवार को भैया दूज पर्व के बाद शहरों को वापसी शुरु किया। वाहनों की संख्या में एकाएक बढ़ोतरी होने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में दिनभर में कई बार जाम लगने से पर्यटक व यात्री परेशान रहे। जाम में कई वाहनों के फंसने से वाहनों की कतार अल्मोड़ा हल्द्वानी तथा खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे तक पहुंच गई। देखते ही देखते कई छोटे बड़े वाहन जहां तहां फंस गए। जल्दी निकलने के फेर में कई वाहन चालकों ने वाहन आडे़ तिरछे फंसा दिए जिससे स्थित बिगड़ते चली गई। खैरना पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाला तथा यातायात सुचारु करने को कवायद शुरु की। कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो सकी। आवाजाही सुचारु होने से यात्रियों व पर्यटकों ने भी राहत की सांस ली।
