🔳 बढेरी क्षेत्र में स्टोन क्रशर के रास्ते पर बैठकर रोकी वाहनों की आवाजाही
🔳 अनदेखी पर सातवें आसमान पर पहुंचा ग्रामीणों का पारा
🔳 जल्द समस्याओं का समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
🔳 अनदेखी कतई बर्दाश्त न करने का किया ऐलान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
गांव की अनदेखी व समस्याओं का समाधान न होने से धारी ग्राम पंचायत के ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने बढेरी क्षेत्र में स्टोन क्रशर के रास्ते में धरना प्रदर्शन कर घंटों तक वाहनों की आवाजाही ठप कर दी। नियमित पानी छिड़काव, स्थानीय युवाओं को क्रशर में रोजगार समेत कई मांगे उठाई। दो टूक कहा की ग्राम पंचायत की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को ग्राम प्रधान कमल सिंह जंतवाल की अगुवाई में धारी गांव के ग्रामीण बढेरी क्षेत्र पहुंचे। यहां संचालित स्टोन क्रशर के रास्ते में धरना दे वाहनों की आवाजाही ठप कर दी। आरोप लगाया की प्रबंधन गांव की उपेक्षा पर आमादा है। ग्राम प्रधान ने क्रशर व खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों में पानी का समुचित छिड़काव करने, स्थानीय युवाओं को क्रशर में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। क्रशर संचालन से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का स्थाई समाधान, ग्राम पंचायत के विकास में भागीदारी तथा समय समय पर क्रशर प्रबंधन, प्रशासन व ग्रामीणों की संयुक्त बैठक कराए जाने पर जोर दिया। ग्रामीणों ने करीब सात घंटे धरना प्रदर्शन किया। क्रशर प्रबंधन के जल्द वार्ता का भरोसा दिलाए जाने के बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित किया। साफ कहा की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेताया की यदि मांगे नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन धरना शुरु किया जाएगा। इस दौरान धन सिंह जंतवाल, भगवत सिंह, शंकर सिंह, शिवराज सिंह, देवेंद्र सिंह, मदन सिंह, कृपाल सिंह, महेंद्र सिंह, नीरज सिंह, जीवन सिंह, गोपाल सिंह, भरत सिंह, हेमंत सिंह, हीरा सिंह, दीपा देवी, भगवती देवी, ममता देवी, माया देवी आदि मौजूद रहे।
