🔳 कैंची धाम स्थापना दिवस की तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन
🔳पुलिस महानिरीक्षक ने भी लिया व्यवस्थाओं का जायजा
🔳 डीएम व एसएसपी ने बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
🔳 तय समय पर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश
🔳 ट्रस्ट प्रबंधन ने मेला परिसर प्लास्टिक मुक्त करने का किया आह्वान
🔳 बैठक में न बुलाए जाने पर ग्राम प्रधान ने जताई नाराजगी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची धाम स्थित सुप्रसिद्ध नींब करौरी आश्रम के स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजूनाथ टीसी ने ट्रस्ट प्रबंधन, टैक्सी यूनियन समेत अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही किसी भी तरह की कोई परेशानी न होने देने का आह्वान किया। समय रहते सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मंगलवार को आश्रम सभागार में हुई बैठक में कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजूनाथ टीसी ने गंभीरता से जिम्मेदारी निभाने तथा कोताही न बरतने की अपील की। मताहतों से यातायात व्यवस्था पर फिडबैक ले आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को डूयूटी पाइंट पर मुस्तैद रहने के साथ ही श्रदालुओं से अच्छा व्यवहार करने तथा किसी भी तरह की परेशानी न होने देने को कहा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने को निर्देशित किया। कहा की श्रद्धालु को सुगम ढंग से मंदिर में प्रवेश कराना प्राथमिकता में होना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं की मदद की अपील भी की। आश्रम ट्रस्ट ने मेला परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया। श्रद्धालुओं को भी जागरुक किए जाने की अपील की। तय हुआ की मेरे को भव्य बनाए जाने को सभी तत्परता से जुटेंगे। टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने शटल सेवा के तहत संचालित होने वाले वाहनों के संबंध में जानकारी साझा की। इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद्रा, सचिव आलोक चोपड़ा, ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रबंधक प्रदीप साह, शैलेश साह, एसडीएम अनुराग आर्या, संयुक्त मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, कोतवाल प्रकाश मेहरा, तहसीलदार भुवन भंडारी, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप गौणी, पूर्व ग्राम प्रधान पंकज निगल्टिया आदि मौजूद रहे।
पुलिस महानिरीक्षक ने भी लिया व्यवस्थाओं का जायजा
पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुंचकर कैंची धाम मेले व पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा ले संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व सफल बनाने को पुलिस प्रशासन व मंदिर समिति के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की आवाजाही को लगेंगे सैकड़ों छोटे बड़े वाहन
भीमताल, भवाली, नैनीताल व हल्द्वानी तथा खैरना से श्रद्धालुओं की आवाजाही को शटल सेवा में खैरना से लगभग 100 व भवाली से 150 से अधिक टैक्सी वाहनों का संचालन होगा। जबकि हल्द्वानी से 150 बसे व टैक्सी वाहन, भवाली से बीस रोडवेज बस व करीब तीस ग्राफिक ऐरा की बसें संचालित की जाएगी। एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी ने शटल सेवा में संचालित वाहनों की फिटनेस आदि दुरस्त रखने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान ने जताई नाराजगी
स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में न बुलाए जाने पर ग्राम प्रधान सीमा ने गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की बैठक में न बुलाकर ग्राम पंचायत की उपेक्षा की जा रही है जबकि ग्राम पंचायत में लगने वाले मेले में प्रतिवर्ष स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हैं। पुलिस प्रशासन व आश्रम ट्रस्ट के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटते हैं। पर इस वर्ष पहली बार तैयारियों को लेकर हो रही बैठकों की सूचना नहीं दी जा रही।
