🔳 चार होटलों में किया जा रहा था व्यवसायिक इस्तेमाल
🔳 अलग अलग डिब्बों में रखा 290 लीटर डीजल भी पकड़ा
🔳 जिलाधिकारी को भेजी जाएगी मामले की रिपोर्ट
🔳 श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन व खाद्य व आपूर्ति विभाग ने चलाया अभियान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर अंकुश लगाने तथा कालाबाजारी पर शिकंजा कसने को श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन व खाद्य व आपूर्ति विभाग ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। एकाएक चले अभियान से बाजार क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान छह सिलेंडर जब्त कर लिए गए जबकि एक दुकान के नीचे अलग अलग डब्बों में डीजल भी बरामद हुआ।
शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा की अगुवाई में प्रशासन व खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने गरमपानी, खैरना, छड़ा, चमड़ियां आदि बाजार क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चार होटलों में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल होता मिला। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई कर अलग अलग होटलों से छह सिलेंडर जब्त कर लिए। एक दुकान के निचले तल से संयुक्त टीम को अलग अलग डब्बों में रखा करीब डीजल 290 लीटर डीजल भी मिला। टीम ने दुकान स्वामी से डीजल से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे पर दुकानदार दस्तावेज नहीं दिखा सका। ज्वलनशील पदार्थ होने के बावजूद किसी भी प्रकार का अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिला। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक अनीता पंत, राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल समेत कई विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
