🔳 कैंची के बाद अब नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद के बोर्डर पर जाम बनी समस्या
🔳 सुबह से शाम तक कई बार लग रही वाहनों की कतार
🔳 पैदल आवाजाही करने वाले लोगों भी हो रहे परेशान
🔳 खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर जाम बन रहा आफत
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में जाम के बाद अब नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर जाम मुसीबत बन गया है। खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर सुबह से शाम तक कई बार जाम लगने से वाहनों की कतार खैरना बाजार तथा कनवाडी की खतरनाक पहाड़ी के नीचे तक पहुंच जा रही है। जर्जर पहाड़ी के नीचे वाहनों की लाइन लगने से पहाड़ी से पत्थर गिरने पर अनहोनी का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से रानीखेत समेत तमाम पर्यटक स्थलों को जोड़ने वाले खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे जाम का गढ़ बन गया है। रोजाना सुबह से शाम तक कई बार यात्री व पर्यटकों के वाहनों के पहिए जाम में फंसकर थम जा रहे हैं। खतरा तब बढ़ जा रहा है जब वाहनों की कतार स्टेट हाईवे पर स्थित कनवाडी की बदहाल पहाड़ी के नीचे तक पहुंच जा रही है। जर्जर पहाड़ी से मंडरा रहे खतरे के बीच काफी देर वाहन खड़े हो जा रहे हैं जिससे आवाजाही करने वाले यात्रियों व पर्यटकों की जिंदगी पर खतरा दोगुना बढ़ जा रहा है। शुक्रवार शाम को लगे जाम में हल्द्वानी से उपचार कराकर लौट रहे दो मरीजों के वाहन भी फंसे रहे। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के बिशन सिंह जंतवाल के अनुसार कैंची क्षेत्र में जाम के कारण मालवाहक वाहनों को खैरना क्षेत्र में रानीखेत पुल के नजदीक रोक दिया जा रहा है जिससे ओवरटेक के फेर में छोटे वाहन कई बार आमने-सामने फंस जा रहे है और जाम की समस्या सामने आ रही है। वाहनों की लाइन लगने से पैदल आवाजाही करने वालों पर भी खतरा बढ़ जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने भी जाम की समस्या खत्म करने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया की यहीं हालत रहे तो कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है।
