🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही बनी चुकी मजबूरी
🔳 खस्ताहाल सड़क पर आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत
🔳 समय रहते सुधार न होने पर आंदोलन का ऐलान
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हरतोला – हरीनगर – नथुआखान बदहाली पर आंसू बहा रहा है। गांवों के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। बावजूद जिम्मेदार कुंभकरणीय नींद में है। अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करा समाधान की मांग उठाई है।
रामगढ़ ब्लॉक के फल उत्पादक तमाम गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मोटर मार्ग बद से बद्तर हालत में पहुंच चुका है। ताड़ीखेत, हरीनगर, हरतोला, नथुआखान समेत आसपास के तमाम गांवों के लोगों के लिए खस्ताहाल मोटर मार्ग पर आवाजाही मुसीबत बन चुकी है। बड़े बड़े गड्ढों में रपटकर कई दोपहिया सवार चोटिल भी हो चुके हैं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। रात के वक्त जोखिम कई गुना बढ़ जा रहा है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम की स्थिति होने से हरतोला – हरीनगर – नथुआखान मोटर मार्ग से ही कई यात्री व पर्यटक आवाजाही भी करते है बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी बना हुआ है। फल उत्पादक पट्टी होने से विभिन्न गांवों से किसान उपज को बड़ी मंडियों तक भेजते हैं पर गांवों को जोड़ने वाले खस्ताहाल मोटर मार्ग से किसानों को भी तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय ललित प्रसाद के अनुसार कई बार मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग भी उठाई जा चुकी है पर लगातार उपेक्षा की जा रही है। ललित प्रसाद ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करा मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों ने भी चेताया है कि यदि समय रहते मार्ग की हालत में सुधार नहीं किया गया तो मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप कर धरना दिया जाएगा।
