🔳 छात्र छात्राओं के वाहनों को रोक दंबगई से खड़े हुए सवाल
🔳 महाविद्यालय गेट भी बना रहा अखाड़े का केंद्र
🔳 चुनाव की जीत हार से उलट सामने आई दबंगई की तस्वीर
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
बेतालघाट महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव भले ही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए पर मतदाताओं को पक्ष में करने को हुई अराजकता ने तमाम गंभीर सवालों को जन्म दे दिया है। छात्र छात्राओं के वाहनों को रोकने तथा महाविद्यालय के गेट पर हुए हंगामें ने शांत क्षेत्र में हुई अराजकता से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं।
शहीद खेम चंद्र डोर्बी राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट में बीते मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई। देर शाम छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई पर चुनाव के दौरान सामने आई स्थित से शांत समझे जाने बेतालघाट क्षेत्र को अंशात करने का प्रयास कर डाला गया। मतदान करने वाले छात्र छात्राओं पर दबाव बनाने को उनके वाहनों को रास्ते में रोक दबंगई का विडियो इंटरनेट प्लेटफार्म पर वायरल होने से भविष्य की भयावह स्थिति की बुनियाद मजबूत होने का अंदेशा कई गुना बढ़ गया। कांग्रेस के जिला सचिव नवीन चंद्र आर्या ने भी शांत क्षेत्र में इस प्रकार की परिपाटी की कड़ी शब्दों में निंदा की है। बेतालघाट थाने की उपनिरीक्षक प्रेमा कोरंगा के अनुसार अराजकता रोकने को विडियोग्राफी भी करवाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करा लिए गए हैं।
