🔳 तकनीकी खराबी के कारण ठप हो गया था संचालन
🔳 88.73 लाख रुपये की लागत से स्थापित की गई थी ट्रॉली
🔳 जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को मिल रहा था लाभ
🔳 दस सदस्यीय टीम ने तकनीकी खराबी को दूर कर पुनः कराया संचालन
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया मुद्दा
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के कटिमी गजार, बिसगूली समेत आसपास के तमाम गांवों के ग्रामीणों व स्कूली बच्चों के कोसी नदी पार करने को 88.73 लाख रुपये के बजट से लगाई गई ट्रॉली का संचालन ठप होने का मुद्दा तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए लोनिवि के अधिकारियों ने दस सदस्यीय विशेष टीम की मदद से तकनीकी खराबी को दूर कर दोबारा संचालन शुरु करा दिया है। ट्रॉली संचालित होने से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों ने ट्रॉली की मदद से कोसी नदी को पार किया।
स्कूली बच्चों व ग्रामीणों की जिंदगी पर मंडरा रहे ख़तरे को टालने के लिए लगभग 88.73 लाख रुपये की लागत से कटिमी गजार गांव के समीप कोसी नदी को पार करने के लिए ट्रॉली स्थापित की गई। लंबे समय तक ट्रॉली का संचालन शुरु न होने से गांव के लोग मायूस हो गए। मामले के तूल पकड़ने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तत्काल पांच लाख रुपये का बजट अवमुक्त कर लोनिवि रामनगर को ट्रॉली संचालन शुरु करने के निर्देश दिए। बीते चार अगस्त को ट्रॉली का संचालन शुरु होने से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को सुरक्षित आवाजाही का लाभ मिलना शुरु हो गया पर महज 42 दिन बाद ही एकाएक ट्रॉली में तकनीकी खराबी आने से संचालन ठप हो गया जिस कारण स्कूली बच्चे व ग्रामीणों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने बीते 16 सितंबर के अंक में जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशित होने के बाद ट्रॉली संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे लोक निर्माण विभाग रामनगर के अधिकारी भी हरकत में आ गए। आनन फानन में स्कूली बच्चों को सुरक्षित विद्यालय तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई साथ ही पूर्णागिरी रोपवे निर्माण में जुटी कंपनी की दस सदस्यीय टीम को ट्रॉली में आई तकनीकी खामी को दूर करने के लिए बुलवाया गया। ट्रॉली के खराब बैरिग की जगह दिल्ली से नया बैरिग मंगवाया गया। दस सदस्यीय टीम को दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार ट्रॉली संचालित करने में सफलता मिल पाई। लोनिवि के अवर अभियंता राजीव कुमार के अनुसार ट्रॉली में आई तकनीकी खराबी को देर शाम दूर कर लिया गया। बुधवार को स्कूली बच्चों को ट्रॉली की मदद से ही कोसी नदी पार करवाई गई। ट्रॉली का संचालन शुरु होने पर ग्राम प्रधान धर्मा देवी ने लोनिवि के अधिकारियों व जनहित से जुड़ी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने पर तीखी नजर समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।
