🔳 दोपांखी व रामगाढ़ में घंटों फंसे रहे यात्री व पर्यटक
🔳 लगातार पत्थरों के गिरने से कई बार प्रभावित हुआ मलबा हटाने का कार्य
🔳 पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर खैरना में रोके वाहन
🔳 बाजार क्षेत्र में पत्थरों के गिरने से मची अफरातफरी
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
मध्यरात्रि से शुरु हुई भारी बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जर्जर पहाड़ियों के दरकने का सिलसिला शुरु हो गया। अतिसंवेदनशील दोपांखी व रामगाढ़ क्षेत्र में पहाड़ी से भूस्खलन होने से आवाजाही ठप हो गई। हाईवे पर वाहनों की कतार लगने से यात्री व पर्यटक जहां तहां फंस गए। एनएच विभाग ने लोडर मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरु किया पर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से कई बार लोडर चालकों को पीछे हटना पड़ा।
शनिवार को बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। गरमपानी खैरना समेत तमाम बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा। हाईवे से सटी थुआ की पहाड़ी से खैरना बाजार क्षेत्र में गिरे पत्थरों से अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने इधर उधर भागकर जान बचाई। थुआ की पहाड़ी से अतिसंवेदनशील दोपांखी व रामगाढ़ क्षेत्र में भूस्खलन से आवाजाही ठप हो गई। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से कई यात्री बाल बाल बचे। गनीमत रही की वाहन चालकों ने समय रहते वाहन रोक लिए। यातायात ठप होने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यात्री व पर्यटक जहां तहां फंस गए। खैरना पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कई वाहनों को खैरना पुल पर ही रोक लिया। सूचना पर पहुंचे एनएच कर्मियों ने लोडर मशीन की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरु किया पर लगातार पत्थरों के गिरने से लोडर चालकों को कई बार कार्य रोकना पड़ा। सुबह सात बजे से बंद हाईवे को करीब 11 बजे के आसपास यातायात के लिए खोल दिया गया पर दोबारा मलबा गिरने से आवाजाही फिर ठप हो गई। दिनभर में कई बार मलबा गिरने से यातायात प्रभावित रहा। पाडली, रातीघाट, भोर्या बैंड, काकड़ीघाट, जौरासी आदि क्षेत्रों में भी लगातार पत्थरों के गिरने का क्रम जारी रहा। खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर कनवाडी की पहाड़ी से लगातार पत्थरों के गिरने से आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो गई। यात्री व पर्यटक जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर रहे।
