🔳 सब्जी व फल उत्पादक गांवों के ग्रामीण सड़क पर करते हैं आवाजाही
🔳 सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बावजूद नहीं हुआ स्थाई समाधान
🔳 लोनिवि सचिव तक भी पहुंचा मामला, डामरीकरण की मांग
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जहां एक ओर सड़कों को गड्ढे मुक्त करने को अभियान शुरु हो गया है वहीं महत्वपूर्ण हरिनगर – हरतोला – नथुआखान मोटर मार्ग को मिट्टी से गड्डे मुक्त कर इतिश्री कर दी गई है। समाजसेवी ललित प्रसाद ने लोनिवि सचिव पंकज पांडे को मामले की जानकारी दे कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया कि ग्रामीण सड़कों को मिट्टी से पाटकर बजट ठिकाने लगाया जा रहा है।
सब्जी व फल उत्पादक ताड़ीखेत, हरिनगर, हरतोला, रुपसिंह धूरा, नथुआखान समेत तमाम गांवों के लोग हरिनगर – हरतोला – नथुवाखान मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं। सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल मुक्तेश्वर व रामगढ़ को आवाजाही करने वाले पर्यटक भी इस महत्वपूर्ण मार्ग का इस्तेमाल करते हैं पर मोटर मार्ग की दयनीय हालत से ग्रामीणों व पर्यटकों को जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। बीते दिनों स्थानीय ललित प्रसाद ने सड़क की बदहाली की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करवाई। उम्मीद थी की सीएम पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद सड़क की हालत में सुधार हो सकेगा पर जिम्मेदारों ने स्थाई समाधान की जगह गड्ढों को मिट्टी से पाट इतिश्री कर डाली। महत्वपूर्ण सड़क को गड्ढे मुक्त करने के स्थान पर लापरवाह रवैया अपना मिट्टी से पाटे जाने पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। ललित प्रसाद ने भी तमाम सवाल खड़े कर आरोप लगाया की जब मिट्टी से ही सड़क को गड्ढे मुक्त किया जाना था तो गांव के लोग ही मिट्टी भर देते। शिकायतकर्ता ने लोनिवि सचिव पंकज पांडेय से दूरभाष पर संपर्क साध मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही डामरीकरण का कार्य करवाया जाएगा।
