🔳ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पास होने के बावजूद कार्य दूसरी जगह करवाने का आरोप
🔳ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन का किया ऐलान
🔳सहायक कृषि अधिकारी ने सिंचाई के पानी की बताई कमी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गांवो में व्यवस्थाएं पटरी से उतरने लगी है। ग्राम पंचायतों में पास किए गए प्रस्तावों पर धरातल पर काम नहीं हो पा रहा है वहीं अब गांवों में सर्वसम्मति से पास किए गए जिओ टैंक निर्माण को दूसरी जगह स्थानांतरित के जाने का मामला सामने आने से पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान ने कृषि विभाग के अधिकारियों पर ग्रामीणों की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
ब्लॉक के थापली गांव के ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार के गांव में तारबाड़ योजना की मांग उठाए जाने के बावजूद कार्य शुरु न हो पाने पर नाराजगी जताए जाने के बाद अब तौराड़ ग्राम प्रधान जगदीश पंत ने भी मोर्चा खोल दिया हैं। ग्राम प्रधान जगदीश पंत के अनुसार ग्राम पंचायत की खुली बैठक में गांव के प्रकाश चंद्र की भूमि पर खेतों की सिंचाई को जिओ टैंक निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया। लगभग एक लाख रुपये की लागत से निर्मित जिओ टैंक स्थापित होने की कवायत शुरु ही हुई पर एकाएक कार्य दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया। उच्चाधिकारियों से संपर्क साधने पर भी सही जवाब नहीं मिल रहा। ग्राम प्रधान ने कृषि विभाग पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। तारबाड़ के लिए भी कई बार आवेदन करने के बावजूद उपेक्षा की बात कही है। ग्राम प्रधान जगदीश पंत ने उपेक्षा पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।सहायक कृषि अधिकारी प्रेरणा बुंगला के अनुसार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध न होने पर कार्य दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। यदि ग्राम प्रधान दोबारा प्रस्ताव उपलब्ध कराएंगे तो उसी स्थान पर कार्य करवाया जाएगा।




