= कलसिया पुल पर जाम में बह रहा लोगों का पसीना
= वनवे चल रही यातायात व्यवस्था
= व्यवस्था संभालने में पुलिसकर्मियों के बीच छूट रहा पसीना

(((हल्द्वानी से संजय चौधरी/उदित चौधरी की रिपोर्ट)))

पर्यटन सीजन से पहले नैनीताल रोड और भीमताल रोड पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सबसे गर्म दिन जाम में फंसे लोगों के पसीने छूट गए और पूरे दिन मशक्कत करने के बाद पुलिस जाम की स्थिति सुधार नहीं सकी।जाम से शहर के लोग भी परेशान रहे।
बुधवार को गर्मी सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच काठगोदाम चौकी के पास स्थित कलसिया पुल का निर्माण कार्य जारी रहा और जाम भी। यातायात के लिए यहां दो में से सिर्फ एक ही पुल चालू है जबकि दूसरे पुल पर पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते आवागमन का पूरा भार एक ही पुल पर आ गया। एक ओर का यातायात गुजारने के बाद दूसरी ओर के यातायात को गुजारा जा रहा है और इसकी वजह से लंबा जाम लग रहा है। बुधवार को भी यही हालात रहे।
ठीक यही स्थिति नैनीताल रोड से भीमताल जाने वाले रास्ते पर थी।
यहां भी पुल का पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है। पुल से सटी सड़क दरक जाने की वजह से रास्ता संकरा हो गया। इसके चलते एक बार में सिर्फ एक ओर के ही यातायात को गुजारा जा रहा है। इन दोनों पुल के बीच दूरी कम होने की वजह से पुलिस के भी पसीने छूट गए। इन दोनों ओर के यातायात को सुचारू रखने के लिए 8 दरोगा और 46 कांस्टेबल लगाए गए हैं, बावजूद इसके दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही।

error: Content is protected !!