= रोड रोलर से चुरा ली दो बैटरियां
= भुजान निवासी ठेकेदार ने कोतवाली में दी तहरीर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के बाद अब रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर भी बैटरी चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। गनियाद्योली व चाइना व्यू क्षेत्र के बीच चोरों ने रोलर पर सेंध लगा दो बैटरियां पार कर दी। रोलर स्वामी ने कोतवाली में तहरीर दे मामले के खुलासे की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य में लगे वाहनों से बैटरी निकाले जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हो सका था कि अब चोरों ने रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर पेंचवर्क का कार्य कर रहे रोलर को निशाने पर ले लिया। भुजान निवासी प्रताप सिंह बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर दे बताया है कि स्टेट हाईवे पर चायना व्यू व गनियाद्योली क्षेत्र के बीच लोनिवि रानीखेत का पेंच वर्क का कार्य किया जा रहा है। शाम के वक्त काम समाप्त करने के बाद रोलर को स्टेट हाईवे पर खड़ा कर दिया गया। सुबह जब श्रमिक काम पर लौटे तो रोलर में लगी दो बैटरियां गायब थी। श्रमिकों ने सूचना उन्हें भी दी। रोलर से बैटरी निकाले जाने से पेंचवर्क कार्य भी प्रभावित हो गया है। प्रताप सिंह बिष्ट ने पुलिस से मामले का खुलासा कर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
