🔳 निविदा प्रकाशित होने पर चढ़ा विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों का पारा
🔳 मनमानी किए जाने पर धरना प्रदर्शन व बाजार बंद का ऐलान
🔳 आबकारी विभाग पर लगाया गांवों को अशांत करने का आरोप
🔳 पूर्व में भी शराब की दुकान को लेकर हो चुका है विरोध
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर पातली बाजार क्षेत्र में भारी विरोध के बावजूद एक बार फिर शराब की दुकान आवंटन की निविदा प्रकाशित होने पर ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। पूर्व में धरना प्रदर्शन कर शराब की दुकान का विरोध करने वाले समिति सदस्यों ने शराब की दुकान कतई बर्दाश्त न किए जाने का ऐलान कर दिया है‌। आरोप लगाया की शौचालय समेत अन्य सुविधाओं की लगातार मांग उठाई जा रही है पर सुध नहीं ली जा रही। सुविधाओं के बजाय शराब की दुकान खुलवाए जाने की जद्दोजहद की जा रही है।
समीपवर्ती पातली बाजार क्षेत्र में पिछले एक वर्ष पूर्व शराब की एक और शराब की दुकान आवंटन प्रक्रिया से स्थानीय लोगों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी नाराजगी जता आंदोलन शुरु कर दिया। भारी विरोध को देख दुकान के आवंटन पर रोक लगा दी गई। अब एक बार फिर दुकान आवंटन की निविदा प्रकाशित कर दिए जाने से लोगों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शराब विरोधी आंदोलन समिति के अध्यक्ष व भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने आरोप लगाया की आबकारी विभाग पायली बाजार क्षेत्र में विरोध के बावजूद शराब की दुकान के आवंटन को जोर-आजमाइश कर शांत क्षेत्रों को अशांत करने पर आमादा है।‌ पातली बाजार में पूर्व से ही एक शराब की दुकान संचालित होने पर दूसरी दुकान आवंटन पर सवाल उठाए। भाजपा पूर्व मंडल महामंत्री सुनील मेहरा के अनुसार शराब की अतिरिक्त दुकान खुलने से आसपास के शांत गांव भी अशांत हो जाएंगे। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने भी महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे पर एक ही बाजार क्षेत्र में दो दुकानें खुलवाए जाने पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। दो टूक चेतावनी दी की यदि मनमानी की गई तो ग्रामीणों व व्यापारियों को साथ लेकर दोबारा आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।