🔳गुलदार के आए दिन मवेशियों को मार डालने से लिया निर्णय
🔳आबादी तक पहुंचने से बढ़ता ही जा रहा खतरा
🔳दिन ढलने के साथ लाठी डंडों के साथ गश्त कर रहे युवा
🔳 रोजाना तीन घंटे गांव के आसपास घुमते है युवाओं की टीम

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में गुलदार की आवाजाही तेज होने से अब ग्रामीणों ने खुद ही गश्त की कमान थाम ली है। समीपवर्ती थापली गांव के युवा दिन ढलने के साथ ही गांव के आसपास झुंड बनाकर गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार आए दिन मवेशियों को मारने तथा गुलदार के आबादी के नजदीक तक पहुंचने से युवाओं ने अब खुद ही गश्त का निर्णय लिया है। गांव के युवा लाठी डंडों के साथ गश्त में जुटे हैं।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे तमाम गांवों में गुलदार आंतक का पर्याय बन चुका है। आए दिन मवेशियों को शिकार बनाए जाने के बाद अब गुलदार की घुसपैठ आबादी के नजदीक तक होने लगी है। मवेशियों को निवाला बनाए जाने से पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं आबादी के नजदीक तक पहुंचने से अनहोनी का खतरा भी बढ़ गया है। भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित थापली गांव में गुलदार की आवाजाही तेज होने से ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाए जाने की मांग उठाई पर सुनवाई नहीं हो सकी। वन विभाग की अनदेखी से अब गांव के युवाओं ने शाम के समय गश्त का निर्णय लिया है। युवा दिन ढलने के साथ ही गांव में झुंड बनाकर गश्त में जुटे जा रहे हैं। बकायदा हर दिन अलग अलग युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है‌। आत्मरक्षा के लिए लाठी व डंडे भी साथ रखें जा रहे हैं। स्थानीय युवा रोशन जलाल के अनुसार पंद्रह से ज्यादा युवा शाम को तीन घंटे तक गांव में गश्त कर रहे हैं। वन विभाग की अनदेखी तथा लगातार बढ़ रहे खतरे को देख निर्णय लेना पड़ा है। इस दौरान बालम सिंह, सुरेन्द्र सिंह, हितेश जलाल, दीपक जलाल, यशपाल सिंह, मनोज सिंह, अनिल सिंह जलाल, करन सिंह, रामेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!