🔳 गांव के नजदीक तक पहुंची आग से मची अफरातफरी
🔳 गांव की महिलाओं व पुरुषों ने शुरु किया आग बुझाने को अभियान
🔳 विकराल हुई लपटों से कई बार कदम पीछे खिंचने को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳 सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने क्षेत्रवासियों की मदद से बामुश्किल पाया काबू
🔳 गांव पर मंडरा रहा खतरा टलने के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के बैराली गांव से सटे जंगल से उठी आग की लपटे आबादी के नजदीक तक पहुंचने से ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने के साथ ही आग पर काबू पाने को जद्दोजहद शुरु की। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गांव की दर्जनों महिलाओं व ग्रामीणों की मदद से बामुश्किल घंटों बाद काबू पाया। समय से रहते आग को काबू किए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई हालांकि आग की लपटों ने वन संपदा को जलाकर राख कर डाला।
जंगलों के आग की चपेट में आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गांवों के नजदीक तक आग पहुंचने से खतरा बढ़ता ही जा रहा है। रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव से सटे जंगल में धधकी आग से गांव में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते विकराल हुई आग की लपटों ने गांव की ओर रुख कर लिया। विकराल होती लपटों के साथ गांव की ओर बढ़ती आग से गांव के लोगों में दहशत फ़ैल गई। ग्राम प्रधान निर्मला जीना ने वन विभाग को सूचना दे गांव की महिलाओं व पुरुषों को साथ लेकर आगे पर काबू पाने का प्रयास शुरु किया पर तेज हवा के झोंके ने आग की लपटों की रफ्तार को दोगुना बढ़ा दिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम से ग्रामीणों का हौसला बढ़ गया। अलग अलग रास्तों से आग बुझाने का अभियान शुरु किया। करीब तीन घंटे से भी अधिक समय तक चले अभियान के बाद गांव पर मंडरा रहे खतरे को टाला जा सका। गांव की ओर बढ़ती आग पर काबू पा लेने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। आग ने वन संपदा के साथ ही मवेशियों की चारा पत्ती को भारी नुकसान पहुंचाया है। जंगली जानवरों को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। आग पर काबू करने को विपिन बिष्ट, धर्मानंद शर्मा, दीवान सिंह, नंद किशोर, लालू कुमार आर्या, रामेश्वर कुमार, नवीन सनवाल, प्रमोद कुमार, विक्की बिष्ट, भुवन जोशी, दुर्गा देवी, आशा देवी, कमला देवी, गीता देवी, दीपा जीना, लीला जीना, चम्पा देवी, तुलसी देवी, प्रताप सिंह जीना, किशन सिंह जीना, करन कुमार, करन जीना, चंदन कपिल समेत कई ग्रामीण जुटे रहे।