🔳बीते दो सप्ताह से बाजार व गांव में ठप हुई आपूर्ति
🔳गाड़ियों में बर्तन रख पानी ढोना बना मजबूरी
🔳आए दिन आपूर्ति प्रभावित होने से क्षेत्रवासियों में रोष
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित छड़ा गांव के बाशिंदे हाड़ कंपाने वाली ठंड में भी बूंद बूंद पानी को परेशान हैं। बीते दो सप्ताह से गांव व बाजार क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति चरमराने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है की आए दिन व्यवस्था प्रभावित होती है पर सुधार को ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। जल्द क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
हाइवे पर स्थित बेतालघाट ब्लॉक के छड़ा गांव में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। कड़ाके की ठंड में भी भी बाजार व गांव के बाशिंदे पानी के लिए दूरदराज रुख करने को मजबूर हैं। दो सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से बाजार क्षेत्र के व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित होता जा रहा है ऐसे में वाहनों में बर्तन रख व्यापारी पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है की कई बार पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद पिछले तीन वर्षों से आए दिन क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति चरमरा जाती है। शादी विवाह व अन्य आयोजनों में कुछ दिन पहले से ही पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। स्थानीय चंदन सिंह, दीवान सिंह, विरेन्द्र सिंह, बालम सिंह, विक्रम सिंह, नंदन सिंह, धन सिंह, संजय सिंह बिष्ट ने जल संस्थान पर क्षेत्र की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर जल संस्थान के कार्यालय में धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा।




