🔳 सिर पर पंजा लगने से गिर गई बुजुर्ग, बच गई जान
🔳 चीख पुकार सुन बुजुर्ग को बचाने दौड़े स्वजन
🔳 घटना के बाद भी घर के आसपास मंडराते रहे दो गुलदार
🔳 दहशत में आए गांव के लोग, पिंजरा लगाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के डोबा गांव के बाद अब उल्गौर गांव में घर के आंगन में घात लगाए गुलदार ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। गनीमत रही की बुजुर्ग बाल बाल बच गई। स्वजनों के हो हल्ला करने से गुलदार जंगल की ओर भाग गया। स्वजनों के अनुसार काफि देर तक दो गुलदार घर के आसपास ही मंडराते रहे। ग्रामीणों के शोरगुल के बाद बामुश्किल गुलदार भागे। घटना से गांव में दहशत फ़ैल गई है। ग्रामीणों ने आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
सोमवार रात तकरीबन आठ बजे के आसपास उल्गौर गांव निवासी बुजुर्ग कमला देवी शौच के लिए घर से आंगन के समीप बने शौचालय को निकली तभी घात लगाए गुलदार ने बुजुर्ग की ओर छलांग लगा दी। गुलदार का एक पंजा बुजुर्ग के सिर पर लगते ही महिला आंगन में गिर गई। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुन बेटा सुरेश मां को बचाने दौड़ा। अन्य स्वजन भी पहुंचे। हो हल्ला कर बामुश्किल डरी सहमी बुजुर्ग को घर के अंदर लाया गया। सुरेश के अनुसार काफि देर तक दो गुलदार घर के आसपास ही मंडराते रहे। सूचना पर पहुंचे आसपास के लोगों ने हो हल्ला किया तब जाकर गुलदार जंगल की ओर भागे। गांव में हुई घटना से दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार के आबादी तक पहुंचकर हमलावर होने से लोग चिंतित हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगा गुलदार की दहशत से राहत दिलाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है की यदि समय रहते सुध नहीं ली गई तो बड़ी घटना सामने आ सकती है।
