🔳 हल्द्वानी से गांव लौट रहे युवक ने दी वाहन स्वामी को सूचना
🔳 आनन फानन में वाहन स्वामी ने राजस्व पुलिस से साधा संपर्क
🔳 हरकत में आई राजस्व टीम ने भूमियाधार क्षेत्र से बरामद किया वाहन
🔳 गांव के ही एक युवक के वाहन ले जाने की हुई पुष्टि
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के सिवाली गांव से टाटा सूमो गायब होने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर हरकत में आई राजस्व पुलिस ने गांव से तीस किमी दूर टाटा सूमों को भूमियाधार (भवाली) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हालत में बरामद कर लिया। राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह कनवाल के अनुसार गांव का ही युवक वाहन लेकर भूमियाधार क्षेत्र तक पहुंच गया था। फिलहाल मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
हाईवे से सटे सिवाली गांव निवासी संजय कुमार रोजना की तरह बीते रोज भी अपनी टाटा सूमों यूके 01 टीए 1454 को मोटर मार्ग किनारे पार्क कर घर चला गया। मध्य रात्रि हल्द्वानी से लौट रहे युवक ने वाहन हल्द्वानी की ओर जाता देख वाहन स्वामी को दूरभाष पर सूचना दी तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में वाहन स्वामी मोटर मार्ग पर पहुंचा। सड़क पर टाटा सूमो को न देख उसके होश उड़ गए। तत्काल सूचना राजस्व पुलिस को दी गई। हरकत में आए राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह कनवाल व विजेंद्र नाथ आर्या ने सूचना के आधार पर खोजबीन शुरु की। इसी बीच अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भूमियाधार क्षेत्र में एक टाटा सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर राजस्व टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। जहां गायब हुई टाटा सूमो बरामद कर ली गई। प्रारम्भिक पूछताछ में गांव के ही एक युवक के वाहन यहां तक लाने की पुष्टि हुई। राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह कनवाल के अनुसार वाहन बरामद कर लिया गया है। गांव के ही एक युवक ने बाइक की चाबी से वाहन स्टार्ट कर यहां तक पहुंचाया। फिलहाल वाहन स्वामी की ओर तहरीर नहीं मिली है।