🔳 कैंची मंदिर प्रबंधन व प्रशासन से भी स्थापित करें समन्वय
🔳 अर्थ व सांख्यिकी विभाग के निदेशक ने लिया सर्वे कार्य का जायजा
🔳 सर्वे टीम को दिए कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश
🔳 कैंची धाम में धारण क्षमता व पंजीकरण व्यवस्था को गतिमान है मुख्य सर्वे
[[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में धारण क्षमता व पंजीकरण व्यवस्था शुरु करने को किए जा रहे मुख्य सर्वे कार्य का अर्थ व सांख्यिकी विभाग के निदेशक सुशील कुमार ने निरीक्षण किया। सर्वे कार्य में जुटे टीम के सदस्यों को विभिन्न दिशा निर्देश दिए। निदेशक ने श्रद्धालुओं से फिडबैक लेने के दौरान व्यवहारिकता बनाए रखने तथा मन्दिर समिति प्रबंधन व प्रशासन से समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा।
देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र कैंची धाम में पंजीकरण व्यवस्था शुरु करने तथा धारण क्षमता के आंकलन को राज्य सरकार के निर्देश पर अर्थ व सांख्यिकी विभाग की विशेष टीम मुख्य सर्वे के कार्य में जुटी है। सर्वे टीम बाबा नीम करौरी के धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से अलग अलग बिंदुओं पर जानकारी जुटाई रही है। एक वर्ष तक चलने वाले सर्वे की रिपोर्ट तैयार होने के बाद राज्य सरकार को भेजी जानी है। शुक्रवार देहरादून स्थित निदेशालय से पहुंचे अर्थ व सांख्यिकी विभाग के निदेशक सुशील कुमार ने सर्वे कार्य का जायजा लिया। टीम के डाटा एकत्र करने के तौर तरीके देखें। निदेशक ने विभागीय टीम को कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। सर्वे कार्य की रोजाना की रिपोर्ट अपडेट रखने, डाटा एकत्र करते समय सौहार्दपूर्ण माहौल बनाकर श्रद्धालुओं से बातचीत करने के निर्देश दिए। निदेशक ने कार्य को गहनता के साथ करने तथा बिंदुवार जानकारी एकत्र करने को कहा साथ ही सर्वे कार्य में मंदिर प्रबंधन पदाधिकारियों व प्रशासन से तालमेल स्थापित कर कार्य करने व तय समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक निदेशक ललित मोहन जोशी, संयुक्त निदेशक कुमाऊं मंडल राजेंद्र तिवारी, जिला अर्थ व सांख्यिकी अधिकारी डा. मुकेश सिंह नेगी, विनोद बिष्ट, चंद्रमोहन सिंह, पूजा मेहरा, दर्शन फर्त्याल, अभिषेक आदि मौजूद रहे।




