◾तस्कर दे रहे प्रशासन को खुलेआम चुनौती
◾ मोटर मार्ग से सटी पहाडी़ में खदान से भूस्खलन की तैयारी
◾ मोटर मार्ग के अस्तित्व पर भी मंडराने लगा संकट
◾ प्रशासन की कुंभकरणीय नींद का फायदा उठा रहे तस्कर

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण भुजान – बोहरागांव – चौबटिया मोटर मार्ग पर पत्थर तस्करों के सक्रिय होने से मोटर मार्ग के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा है। रिकौसा गांव के समीप मोटर मार्ग से सटी पहाडी़ को जहां तहां खोद धड़ल्ले से पत्थर निकलते जा रहे हैं जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। जगह जगह लगे पत्थरों के ढेर बडे़ पैमाने पर की जा रही पत्थर तस्करी की हकीकत बंया कर रहे हैं। बावजूद जिम्मेदार कुंभकरणीय नींद में है।
भुजान – बोहरागांव – चौबटिया मोटर मार्ग पर रिकौसा क्षेत्र पत्थर तस्करी का गढ़ बन चुका है। मोटर मार्ग से सटी पहाडी़ में जहां तहां खुदाई कर पहाडी़ को कमजोर किया जा रहा है। तस्करी में लिप्त लोग प्रशासन को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। रात के वक्त पत्थरों को यहां तहां भेजा जा रहा है‌। मुनाफे के फेर में जहां मोटर मार्ग के अस्तित्व पर संकट खडा़ किया जा रहा है वहीं भूस्खलन को भी दावत दी जा रही है। तस्करो के हौंसले इतने बुलंद है कि उन्हें पुलिस प्रशासन का रत्ती भर खौफ नहीं रह गया। ग्रामीणों ने मिलीभगत से तस्करी को अंजाम देने का आरोप लगाया है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द मामले पर कार्रवाई नहीं की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा‌‌। राजस्व उपनिरीक्षक केएस कनवाल के अनुसार मामले पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। कहा की तस्करी में लिप्त लोगों को कतई बख्सा नहीं जाएगा।