🔳 जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने को चलाया अभियान
🔳 पहले श्रमदान कर किया क्षतिग्रस्त दीवारों का निर्माण
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी पर जताई गहरी नाराजगी
🔳 एक स्वर में किया आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे सुनियाकोट गांव के नजदीक तक बनी सड़क की बदहाल स्थिति की जिम्मेदारों के सुध न लेने पर आपदा से क्षतिग्रस्त दीवारों को दुरुस्त करने के बाद ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर लोडर मशीन की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का अभियान चलाया। उपेक्षा से आहत ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान भी कर दिया है।
बीते सितंबर में मूसलाधार बारिश के कारण काकड़ीघाट से सुनियाकोट – सौन कुटोली मार्ग पर जगह जगह मलबा गिरने व सुरक्षा दीवारों के ध्वस्त होने से आवाजाही पूर्णतः ठप हो गई। मोटर मार्ग के बंद होने से गांव के लोग परेशान हो गए। ग्रामीणों ने लगातार सड़क को दुरुस्त करने की मांग उठाई पर सुनवाई न हो सकी। जिम्मेदारों की अनदेखी से परेशान गांव के करीब पचास से अधिक ग्रामीणों ने बीते दिनों श्रमदान कर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के निर्माण का कार्य शुरु किया। दीवारों को दुरुस्त करने के बाद गांव के चालीस परिवारों ने आपस में चंदा एकत्र कर सोमवार को लोडर मशीन बुलाकर सड़क से मलबा हटाने का कार्य किया। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार प्रत्येक परिवार से पांच सौ रुपये इकठ्ठा कर लोडर मशीन की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। बताया की जब लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो सकी तो गांव के लोगों ने खुद ही सड़क को दुरुस्त करने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों की उपेक्षा पर रोष जताया। आरोप लगाया की जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा गांव के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जब कोई सुध नहीं ली गई तो खुद ही सड़क की हालत में सुधार का जिम्मा उठा लिया है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया है की आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान पूरन सिंह, देव सिंह, हरीश मेहरा, चंचल सिंह, देव सिंह, राजेंद्र सिंह, नारायण सिंह, भगवान सिंह, कैलाश सिंह, पदम सिंह, आशा देवी, कमला देवी, चंदन सिंह, बालम परिहार आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!