◾160 किलोवाट के ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी
◾ 435 उपभोक्ताओं के घरों में ठप हुई विद्युत आपूर्ति
◾उरेडा़ विभाग के अवर अभियंता ने किया जल्द आपूर्ति सुचारू कराने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित रामगाढ़ जल विद्युत परियोजना में लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से बेतालघाट ब्लॉक के सात गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। 72 घंटे से भी अधिक समय से आपूर्ति ठप हो जाने से गांवों के वासिंदे परेशान हैं। ग्रामीणों ने तत्काल आपूर्ति सुचारू किए जाने की मांग उठाई है। संबंधित विभाग के अवर अभियंता के अनुसार जल्द तकनीकी दिक्कत को दूर कर आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अभी रामगाढ़ जल विद्युत परियोजना को आपदा से हुए नुकसान की मरम्मत का कार्य किया ही जा रहा था की अब 160 किलोवाट के मुख्य ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई है जिस कारण बेतालघाट ब्लॉक के बारगल, कफूल्टा, गरजोली, जाख, बुधलाकोट समेत सात गांव अंधेरे में डूब गए हैं। पिछले 72 घंटे से भी अधिक समय से लगभग 435 उपभोक्ताओं को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा से योजना को नुकसान होने के बाद उत्पादन ठप है। ऐसे में गांवों को यूपीसीएल से बाईपास विद्युत आपूर्ति की जा रही है पर अब ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति पूर्णतः ठप हो चुकी है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से घरों में लगे विद्युत उपकरण खिलौने बन चुके हैं। 72 घंटे से भी अधिक समय से आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। लोगों ने तत्काल आपूर्ति सुचारू किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो संबंधित विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। उरेडा़ विभाग के अवर अभियंता एसआर गौतम के अनुसार जल्द तकनीकी दिक्कत को दूर कर आपूर्ति सुचारु किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!