🔳 सीएचसी में सप्ताह में एक दिन हो सकेंगे अल्ट्रासाउंड
🔳 लंबे समय से ठप थी सेवा, लोग हो रहे थे परेशान
🔳 पूर्व में तैनात रेडियोलोजिस्ट का खत्म हो चुका है करार
🔳 गर्भवती महिलाओं को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में लंबे समय से ठप पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ दोबारा लोगों को मिलने लगेगा। हालांकि सप्ताह में एक दिन अस्पताल में सेवा उपलब्ध हो सकेगी। फिलहाल सप्ताह में एक दिन सेवा उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं व मरीजों को दूरदराज रुख नहीं करना पड़ेगा।
सीएचसी गरमपानी में रेडियोलोजिस्ट डा. जेपी भट्ट व सरकार के बीच करार खत्म होने से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप पड़ गई। जनहित में डा. जेपी भट्ट हल्द्वानी से गरमपानी पहुंचकर बगैर तनख्वाह के सेवा देते रहे पर पिछले कई समय से उनके न पहुंचने से व्यवस्था चरमरा गई। अल्ट्रासाउंड के लिए लोग हल्द्वानी, रानीखेत, अल्मोड़ा, बरेली की दूरी नापने को विवश हो गए। गर्भवती महिलाओं को भी प्रसव पीड़ा में दूर दराज को रुख करना मजबूरी बन गई। सेवा शुरु किए जाने की लगातार उठ रही मांग के बीच अब कुछ राहत देने वाला समाचार मिला है। सीएचसी में जल्द ही सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद जग गई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सतीश पंत के अनुसार सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड सेवा शुरु करने के लिए रेडियोलोजिस्ट उपलब्ध कराने की स्वीकृति उच्चाधिकारियों से मिल चुकी है। जल्द ही रोस्टर तैयार कर सेवा का लाभ दिया जाएगा। प्रयास किया जाएगा की अधिक से अधिक लाभान्वित है सके। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, गोविन्द नेगी, मनोज सिंह बिष्ट, संजय सिंह आदि ने व्यवस्था को तत्काल लागू किए जाने पर जोर दिया है ताकि गर्भवती महिलाओं को कुछ हद तक राहत मिल सके।




