🔳 मामले के तूल पकड़ने पर विभागीय अधिकारियों ने किया निरीक्षण
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने का दिलाया भरोसा
🔳 दो सप्ताह से नलों में नहीं टपक रही पानी की बूंद
🔳 सुध न लिए जाने से गांवों के लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली महत्वाकांक्षी बारगल कफूल्टा पंपिंग पेयजल योजना से जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद जग गई है। तीखी नजर समाचार पोर्टल के समस्या को प्रकाशित करने तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के सांसद अजय भट्ट के सामने मामला उठाने के बाद जल निगम रामनगर के अफसर हरकत में आ गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगो के साथ योजना का निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान कर आपूर्ति सुचारु करने का भरोसा दिलाया।अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित रामगाढ़ क्षेत्र में शिप्रा नदी पर बनी बारगल कफूल्टा पंपिंग पेयजल योजना से बारगल, कफूल्टा, गरजोली, ज्योग्याडी, जजूला समेत तमाम गांवों के करीब तीन सौ से भी अधिक परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से गांवों के लोग योजना से पानी के लिए तरस रहे हैं। योजना से आपूर्ति ठप होने से गांव में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। गांवों के लोग दूर दराज से सिर पर पानी ढो घरों तक पहुंचा रहे हैं। बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट के खैरना दौरे पर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने योजना से पानी उपलब्ध न होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने भी जनहित से जुड़े मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। मंगलवार को अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी के निर्देश पर सहायक अभियंता व अवर अभियंता निरीक्षण को पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को पेयजल संकट गहराने से सामने आ रही समस्या की जानकारी दी। जल निगम के सहायक अभियंता के समस्या गिनाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज पंत ने अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनाई। जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर नदी क्षेत्र में ही धरने पर बैठने की चेतावनी दे डाली। विभागीय अधिकारियों ने तीन दिन में आपूर्ति सुचारु किए जाने का भरोसा दिलाया तब जाकर बामुश्किल मामला शांत हुआ। बाद में कफूल्टा व आसपास के गांवों में योजना का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान गोधन सिंह बर्गली,रंजन त्रिपाठी, मदन मोहन कैड़ा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।




