🔳 अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर छड़ा बाजार के समीप वाहन हो गया खराब
🔳 मध्यरात्रि में बुजुर्ग मरीज व तमीरदारों को करना पड़ा परेशानी का सामना
🔳 वाहन की स्थिति पर जताई गहरी नाराजगी
🔳 सीएचसी गरमपानी से पहुंचे वाहन से मरीज को पहुंचाया जा सका हल्द्वानी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा बेस अस्पताल से बुजुर्ग मरीज को लेकर हल्द्वानी को रवाना हुआ आपातकालीन 108 वाहन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर छड़ा बाजार के समीप ही खराब हो गया। मध्य रात्रि में करीब एक घंटे तक मरीज व उसके स्वजनों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीएचसी गरमपानी से पहुंचे वाहन से मरीज को हायर सेंटर ले जाया जा सका। वाहन के रास्ते में ही खराब होने से 108 प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में आपातकालीन 108 सेवा को स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ माना जाता है पर आपातकालीन सेवा के वाहनों की हालत से लोगों को बेहतर सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा जिस कारण मरीजों व तमीरदारों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बीते रोज हवालबाग क्षेत्र से बुजुर्ग हरीश प्रसाद की तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें लेकर जिला मुख्यालय अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल पहुंचे जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आपातकालीन 108 सेवा से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। स्वजन मरीज को लेकर हल्द्वानी को रवाना हो गए पर तकरीबन 12 बजे के आसपास 108 सेवा के वाहन में हाईवे पर छड़ा बाजार के समीप तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। वाहन के खराब होने से बुजुर्ग मरीज व स्वजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन के खराब होने की सूचना पर आसपास के लोग भी मदद को मौके पर पहुंचे। 108 प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने 108 सेवा के वाहनों की दुर्दशा पर गहरा रोष जताया। तकरीबन एक घंटे बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी से पहुंचे आपातकालीन वाहन की मदद से मरीज को हायर सेंटर हल्द्वानी ले जाया जा सका। 108 प्रभारी मनोज सामंत के अनुसार वाहन के सेंसर में कुछ तकनीकी खराबी आई थी। गरमपानी सीएचसी से वाहन बुलाकर मरीज को हल्द्वानी भेजा गया।




