🔳 कलाकारों के शानदार अभिनय से दर्शक मंत्रमुग्ध
🔳 सैकड़ों की संख्या में रामलीला मैदान पहुंचे ग्रामीण
🔳 हास्य कलाकारों ने भी दर्शकों को किया लोटपोट
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे रामगढ़ ब्लॉक के सिरसा गांव में विशेष पूजा अर्चना के साथ रामलीला मंचन का श्रीगणेश हो गया। कलाकारों ने दमदार प्रस्तुति के दम पर खूब तालियां बटोरी। दूर दराज के गांवों से सैकड़ों दर्शकों ने रामलीला मैदान पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सिरसा गांव की सुप्रसिद्ध रामलीला मंचन का श्रीगणेश कमेटी अध्यक्ष नारायण सिंह जीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। धर्माचार्यों ने विशेष मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना करवाई। रामलीला कमेटी अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से रामकाज में बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान किया। पहले दिन नारद मोह, रावण परिवार के भगवान शिव से वरदान मांगने का शानदार मंचन किया गया। नारद के पात्र पंकज जीना, रावण ललित सिंह नेगी तथा कुंभकरण के पात्र पंकज ने शानदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने भी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। हास्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति से लोगों को हंसाया। इस दौरान रामलीला कमेटी कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह जीना, सचिव राम सिंह, डायरेक्टर खीम सिंह, महेंद्र सिंह, डूंगर सिंह जीना, दीवान सिंह, राम सिंह, बालमुकुंद सिंह, मनोज सिंह, जितेन्द्र सिंह, कमलेश, राम सिंह आदि व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।




